कोटा में पर्यावरण संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान के तहत बुधवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल स्कूल, केशवपुरा के नन्हे कब-बुलबुल एवं गाइड बच्चों ने शंभूपुरा गांव में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों ने पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी ली।

शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर0 कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में यह पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय संघ सह सचिव योगिता महावर ने बताया कि अभियान के तहत बच्चों ने आंवला, सहजन, कटहल एवं शहतूत सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। बच्चों ने इन पौधों को नियमित रूप से पानी देने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

नन्हे बच्चों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लेते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी जिम्मेदारी निभाना भी आवश्यक है। बच्चों के इस संकल्प ने ग्रामीणों एवं उपस्थित लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बजरंग दल के पूर्व कोटा महानगर संयोजक गुलाब चंद तंवर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बच्चों के माध्यम से पौधारोपण अभियान को आगे बढ़ाना समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा सहकारी सभा के अध्यक्ष एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सहकारी सभा एवं स्काउट-गाइड संगठन द्वारा चलाया जा रहा वृक्षारोपण अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल को भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।

इस अवसर पर देवीलाल गोचर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने भी बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लेकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल की।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story