सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड: 29 मार्च को करणी सेना का जयपुर कूच और महापड़ाव
कोटा में करणी सेना ने पीले चावल बांटकर समाज को किया एकजुट, हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और एसआईटी जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास घेरने की तैयारी।

कोटा। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आंदोलन का शंखनाद कर दिया है। कोटा में संगठन की महिला इकाई और पदाधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर 'पीले चावल' बांटते हुए समाज को एकजुट होने का संदेश दिया गया। इस अभियान के माध्यम से आगामी 29 मार्च को जयपुर में प्रस्तावित विशाल महापड़ाव और मुख्यमंत्री आवास के घेराव के लिए महिलाओं सहित समस्त समाज को आमंत्रित किया गया है।
जिला अध्यक्ष नीरू चौहान और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि समय रहते पर्याप्त सुरक्षा मुहैया न कराए जाने के कारण ही सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि करणी सेना वर्तमान में देश के 24 राज्यों में सक्रिय है और न्याय की इस लड़ाई में 29 मार्च को राजस्थान के प्रत्येक जिले से हजारों कार्यकर्ता जयपुर की ओर कूच करेंगे। शहर अध्यक्ष हेमलता सिंह गहलोत ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस जघन्य हत्याकांड को तीन वर्ष से अधिक का समय बीत चुका है, किंतु अब तक दोषियों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई है। उन्होंने यह गंभीर आरोप भी लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व आज भी गोगामेड़ी के नाम का अनुचित लाभ उठाकर लोगों को धमकाने और रंगदारी वसूलने का प्रयास कर रहे हैं। संगठन ने इस पूरे प्रकरण की प्रभावी एसआईटी (SIT) जांच और अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग को प्रमुखता से दोहराया है।
आंदोलन की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष मनजीत सिंह और जिला अध्यक्ष निर्भय सिंह ने चेतावनी दी कि यदि 29 मार्च तक न्याय प्रक्रिया में प्रगति नहीं हुई, तो जयपुर में एक अभूतपूर्व और बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। वहीं, शहर अध्यक्ष संदीप सिंह बिट्टू ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए मांग की कि केवल छोटे अपराधियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि मुख्य साजिशकर्ताओं को भी जल्द पकड़कर निष्पक्ष जांच की जाए। प्रदेश मीडिया प्रवक्ता दुष्यंत सिंह गहलोत के अनुसार, कोटा और जयपुर सहित संपूर्ण राजस्थान में पीले चावल बांटकर समाज को संगठित करने का यह अभियान गोगामेड़ी हत्याकांड में त्वरित और सख्त कार्रवाई के संकल्प के साथ निरंतर जारी है। इस अवसर पर शहर सचिव हेमलता हाड़ा, जिला महासचिव रेनू चौहान, मीनू कंवर, शहर मीडिया प्रभारी मनीषा कंवर सहित बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
