कोटा। शहर में सड़क सुरक्षा और मानवीय संवेदनाओं को केंद्र में रखकर बनाई गई शॉर्ट फिल्म ‘गोल्डन आवर’ ने एक बार फिर समाज के व्यापक वर्ग का ध्यान अपनी ओर खींचा है। दादाबाड़ी स्थित एक सभागार में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में फिल्म से जुड़े कलाकारों और निर्माण टीम को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, यातायात, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कोटा शहर प्राथमिक व माध्यमिक स्नेह लता शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लाडपुरा प्रतिभा तिवारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर देवेश भारद्वाज, एमसीजे के प्रदेश अध्यक्ष नीरज गुप्ता, तथा भारत स्काउट गाइड कोटा के कमिश्नर यज्ञदत्त हाडा मंचासीन रहे। कार्यक्रम में समाजसेवी विमल जैन, अरुण भार्गव, शरद गुप्ता, मनोज यादव और फिरोज ने भी कलाकारों को संबोधित करते हुए फिल्म के सामाजिक संदेश की सराहना की।

अपने संबोधन में यातायात प्रभारी देवेश भारद्वाज ने कहा कि ‘गोल्डन आवर’ की प्रस्तुति प्रभावशाली है और जन-जागरूकता के उद्देश्य को सशक्त रूप से सामने लाती है। उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर समाज में और अधिक चेतना फैलाने के लिए इस विषय पर भविष्य में और फिल्मों के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि नीरज गुप्ता ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और कलाकारों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह फिल्म ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं के प्रति मानवीय दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक सिद्ध होगी।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी स्नेह लता शर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि बुजुर्गों और युवाओं के साथ-साथ प्राथमिक स्तर के बच्चों को भी इस तरह के संदेशों से जोड़ना आवश्यक है, ताकि वे स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार और समाज को भी जागरूक कर सकें। वहीं प्रतिभा तिवारी ने सुझाव दिया कि यदि भविष्य में इस तरह की फिल्मों का निर्माण किया जाए तो उनमें नए मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों को शामिल करते हुए शिक्षा प्रशासन और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे संदेश और अधिक प्रभावी बन सके।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए स्काउट गाइड कमिश्नर यज्ञदत्त हाडा ने बताया कि आगामी फिल्म प्रदर्शनों में भारत स्काउट गाइड और एनएसएस के प्रतिनिधि भी सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे। इस अवसर पर फिल्म के निर्माता महेंद्र महेश्वरी ने बताया कि चंद्रभागा प्रोडक्शन्स के बैनर तले बनी फिल्म ‘गोल्डन आवर’ की लोकप्रियता और सामाजिक उपयोगिता को देखते हुए शीघ्र ही ‘गोल्डन आवर पार्ट 2’ का निर्माण किया जाएगा।

सम्मान समारोह में निर्देशक वकार अहमद, सिनेमेटोग्राफर संजय वर्मा, कलाकार रेखा वर्मा, मेघा पाठक, मेघा मंत्री, अंजनी पाठक, अंकुर गुप्ता, हर्षित दाधीच, नीरज गौतम, दिव्या शर्मा और अब्दुल सलाम की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। समापन पर वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि ‘गोल्डन आवर’ जैसी फिल्में न केवल युवाओं बल्कि बच्चों और उनके परिवारों को भी नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं, और कोटा शहर के सभी स्कूलों में इसके प्रदर्शन से सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता उत्पन्न होगी।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story