कोटा/सिमलिया, 23 दिसम्बर।

सरकारी कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी—इस संदेश के साथ ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने भट्टीपुरा माइनर के निर्माण कार्य पर कड़ा रुख अपनाया। घटिया निर्माण की शिकायत मिलते ही मंत्री नागर ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

सिमलिया क्षेत्र के दौरे पर रहे ऊर्जा मंत्री नागर जब देर रात कोटा लौट रहे थे, तभी भट्टीपुरा गांव के ग्रामीणों ने माइनर निर्माण में गुणवत्ता से समझौते की शिकायत उनके समक्ष रखी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री नागर सीधे निर्माण स्थल पर पहुंचे और कार्य की गुणवत्ता की स्वयं जांच की। निरीक्षण के दौरान निर्माण में खामियां पाए जाने पर उन्होंने मौके पर मौजूद एईएन विनोद मालव को तलब कर तत्काल जांच कराने तथा घटिया निर्माण को तोड़ने के स्पष्ट निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री नागर सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विकास रथ यात्रा के तहत सिमलिया क्षेत्र में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 23.32 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात दी। भट्टीपुरा गांव में जैसे ही ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर अपनी पीड़ा रखी, मंत्री नागर ने उसे प्राथमिकता देते हुए त्वरित निर्णय लिया।

सर्द रात के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण देर रात तक मंत्री नागर के स्वागत में जुटे रहे। ग्रामीणों ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के लिए सरकार का आभार जताया, वहीं मंत्री नागर की तत्परता और सख्त रुख ने यह स्पष्ट कर दिया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। यह कार्रवाई न केवल प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करती है, बल्कि जनहित में पारदर्शी और टिकाऊ विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story