हरिद्वार। योग, आयुर्वेद और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त आधार देने के उद्देश्य से पतंजलि योग पीठ हरिद्वार में आयोजित चार दिवसीय विशेष योग प्रशिक्षण शिविर में कोटा जिले के 8 जिला एवं तहसील प्रभारियों ने सक्रिय सहभागिता की। योग शिरोमणि पूज्य स्वामी रामदेव जी के सानिध्य में 19 से 22 दिसंबर तक चले इस विशेष शिविर ने देशभर से आए कार्यकर्ताओं को योग के साथ संगठनात्मक दृष्टि से भी नई ऊर्जा प्रदान की।

पतंजलि मुख्यालय में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान के 23 जिलों से कुल 270 जिला एवं तहसील प्रभारियों ने भाग लिया। शिविर के दौरान योग, प्राणायाम, ध्यान, आयुर्वेदिक जीवनशैली, संगठन विस्तार और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर गहन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। योग गुरु स्वामी रामदेव जी ने अपने संबोधन में कहा कि पतंजलि योग पीठ योग, आयुर्वेद, स्वदेशी, भारतीय शिक्षा बोर्ड और सामाजिक चेतना जैसे विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

स्वामी रामदेव जी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योग को जन-जन तक पहुँचाकर स्वस्थ, संस्कारित और आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनें, जिससे भारत पुनः विश्व गुरु के रूप में प्रतिष्ठित हो सके।

कोटा जिले से इस प्रशिक्षण शिविर में किसान प्रभारी श्री जी.पी. मेहरा, पीपल्दा प्रभारी श्री सुरेंद्र परिहार, लाडपुरा प्रभारी श्री सत्यनारायण गोचर, सांगोद प्रभारी श्री भोजराज गुर्जर, दीगोद प्रभारी श्री छीतर लाल यादव, रामगंजमंडी प्रभारी श्री मुकेश गुप्ता, ग्रामीण प्रभारी श्री देवीचंद सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने शिविर में मुख्य योग शिक्षक का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया।

शिविर से प्रशिक्षण और पूज्य स्वामी रामदेव जी का आशीर्वाद लेकर लौटे कोटा जिला पतंजलि योग समिति प्रभारी श्री लक्ष्मण सिंह सोलंकी ने बताया कि यह शिविर केवल योग प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संगठन निर्माण, नेतृत्व विकास, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र सेवा के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने का एक सशक्त मंच बना। उन्होंने बताया कि स्वामी जी ने विशेष रूप से यह संदेश दिया कि हर कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प ले।

कोटा लौटने पर समिति के जिला संरक्षक श्री ईश्वर लाल सैनी जी द्वारा सभी प्रभारियों का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में निशुल्क योग कक्षाओं के विस्तार, प्रखंड स्तर तक समितियों के गठन और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का संकल्प व्यक्त किया।

जिला प्रभारी श्री लक्ष्मण सिंह सोलंकी ने शिविर से प्राप्त अनुभवों और प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी वरिष्ठ राज्य प्रभारी श्री अरविंद पांडेय जी तथा जिला संयोजक श्री प्रदीप शर्मा जी के साथ साझा की। साथ ही आगामी नववर्ष में कोटा जिले में सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर, मुख्य योग शिक्षकों की कार्यशाला और योग कक्षाओं के व्यापक विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि कोटा से गए सभी प्रतिभागियों ने हरिद्वार में महा संगठन की महत्वपूर्ण बैठक में भी सहभागिता की। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कोटा जिले में पतंजलि योग समिति की गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद है, जिससे योग, आयुर्वेद और स्वदेशी के प्रचार-प्रसार को मजबूती के साथ स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य को और अधिक बल मिलेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story