शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर0 कोटा-बारां की 79वीं साधारण आमसभा का आयोजन अब 4 अक्टूबर 2026, रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित द्वारिका रिसोर्ट, बारां में होगा। आमसभा संस्था अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर संस्था ने तैयारियां शुरू कर दी हैं और सदस्यों को इसकी सूचना दी जा रही है।

शिक्षा सहकारी सभा के उपाध्यक्ष महेंद्र नागर एवं मंत्री जमना लाल गुर्जर ने बताया कि आमसभा के आयोजन को लेकर संस्था स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को संस्था अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में आमसभा के आयोजन को लेकर निर्णय लिया गया था। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आमसभा 27 अगस्त को प्रस्तावित थी, लेकिन परिस्थितियों के चलते कार्यक्रम में बदलाव किया गया। अब 79वीं साधारण आमसभा 4 अक्टूबर को होगी।

आमसभा में संस्था के वित्तीय, प्रशासनिक एवं सदस्यता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें गत आमसभा की कार्यवाही की पुष्टि, वार्षिक प्रतिवेदन का प्रस्तुतिकरण एवं अनुमोदन तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के आय-व्यय, लाभ-हानि खाते एवं संतुलित चित्र की पुष्टि सहित अन्य विषयों पर चर्चा होगी।

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट को स्वीकृति के लिए रखा जाएगा। अंकेक्षण वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के प्रतिवेदन के मुख्य भाग ‘अ’ में अंकित आपत्तियों की पूर्ति, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लाभ वितरण की स्वीकृति तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अंकेक्षक की नियुक्ति की पुष्टि भी आमसभा के एजेंडे में शामिल है।

आमसभा में कार्यकारिणी एवं उपसमितियों की बैठकों में लिए गए निर्णयों की पुष्टि भी की जाएगी। इसके तहत 31 जनवरी 2025 से 31 अगस्त 2026 तक की अवधि में लिए गए निर्णय आमसभा के समक्ष रखे जाएंगे। इसके साथ ही नवीन सदस्यता को 19076 तक अनुमोदित करने तथा तीन दिवस पूर्व प्राप्त प्रस्तावों पर विचार करने के विषय भी एजेंडे में शामिल हैं।

सदस्यों से 30 सितंबर तक प्रस्ताव आमंत्रित

उपाध्यक्ष महेंद्र नागर एवं मंत्री जमना लाल गुर्जर ने बताया कि आमसभा में प्रस्ताव या सुझाव रखने के इच्छुक सदस्यों से प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। सदस्यों को अपने प्रस्ताव आमसभा से तीन दिवस पूर्व अर्थात 30 सितंबर 2026 तक संस्था को उपलब्ध कराने होंगे। प्राप्त प्रस्तावों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आमसभा में विचार किया जाएगा।

आमसभा में शामिल होने वाले सदस्यों से संस्था द्वारा जारी परिचय-पत्र, पासबुक अथवा संस्था प्रधान के हस्ताक्षर से जारी फोटोयुक्त प्रमाण-पत्र एवं सदस्यता क्रमांक साथ लाने का आग्रह किया गया है। इससे आमसभा की कार्यवाही में भाग लेने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। संस्था के अनुसार खाता संख्या 19076 तक के नियमित सदस्य ही आमसभा में शामिल हो सकेंगे।

आमसभा के लिए रजिस्ट्रेशन का समय प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है। अधिवेशन दोपहर 12 बजे से शुरू होगा। संस्था की ओर से समारोह स्थल पर सहभागी सदस्यों के लिए चाय, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी।

संस्था अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल, उपाध्यक्ष महेंद्र नागर एवं मंत्री जमना लाल गुर्जर ने सभी पात्र सदस्यों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर आमसभा को सफल बनाने तथा संस्था से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव एवं विचार रखने की अपील की है। वहीं संचालक मंडल के सदस्य आमसभा की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story