कोटा में दिव्य भारती प्रहरी का शिक्षण सहायतार्थ शिविर, 15 असहाय बालिकाओं को मिली शिक्षा सामग्री व शुल्क सहायता
कोटा के राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय में दिव्य भारती प्रहरी ने 15 असहाय बालिकाओं को शिक्षण सामग्री, स्कूल किट और शुल्क सहायता प्रदान कर शिक्षण सहायतार्थ शिविर आयोजित किया।

तस्वीर में बाएं से दाएं छात्राएं शिक्षण सहायता किट लिए खड़ी हैं, जबकि उनके साथ दिव्य भारती प्रहरी संगठन के पदाधिकारी एवं विद्यालय की प्राचार्य राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय, भीमगंजमंडी, कोटा में समूह चित्र के दौरान मौजूद हैं।
दिव्य भारती प्रहरी (आध्यात्मिक व समाजसेवी संगठन) द्वारा गुरुवार को राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय (इंग्लिश मीडियम), भीमगंजमंडी, कोटा जंक्शन में असहाय एवं निर्धन बालिकाओं के लिए इस वर्ष के द्वितीय शिक्षण सहायतार्थ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद छात्राओं को शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना रहा।
दिव्य भारती प्रहरी के सचिव दीपक शर्मा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ प्रातः 9 बजे विद्यालय के सभागार में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद सर्वधर्म प्रार्थना और प्रहरी गीत का समवेत स्वर में गायन किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सचिव दीपक शर्मा ने दिव्य भारती प्रहरी संगठन के सेवा कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत इस विद्यालय की 15 असहाय एवं निर्धन बालिकाओं का चयन किया गया है। कार्यक्रम में भामाशाह राममोहन कौशिक, मंजू, महेश मित्तल, दीपक शर्मा, रजनी, विजय शर्मा, राजीव उपाध्याय, उमेश मेहरा, गोविन्द सिंह, एम.एस. बग्गा तथा ज्योति शर्मा ने चयनित बालिकाओं को कॉपी-किताबें, जूते-मौजे, स्कूल बैग सहित शिक्षण सहायतार्थ किट भेंट किए।
इस अवसर पर संगठन के उपाध्यक्ष राममोहन कौशिक ने विद्यालय की प्राचार्य डॉ. कुसुमलता शर्मा को वार्षिक परीक्षा एवं शिक्षण शुल्क की राशि सौंपकर सहायता प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान आयोजित ज्ञान परीक्षण प्रश्नोत्तरी में विजयी बालिकाओं को उपहार भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के समापन पर शाला प्राचार्य डॉ. कुसुमलता शर्मा ने दिव्य भारती प्रहरी संगठन के सभी भामाशाह सदस्यों को अभिनंदन पत्र प्रदान कर उनके सेवा कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन दीपक शर्मा ने किया, जबकि अध्यक्षता राममोहन कौशिक ने की। यह शिविर संगठन के शिक्षा सहयोग एवं सामाजिक सेवा के निरंतर प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
