तीन विधानसभाओं में ‘विकसित राजस्थान रथ यात्रा’ का शुभारंभ, कोटा से रवाना हुए जनसंवाद के रथ
कोटा में ‘विकसित राजस्थान रथ यात्रा’ के तहत तीन विधानसभा क्षेत्रों के रथ रवाना किए गए। पूर्व सांसद नारायण पंचारिया ने कहा कि प्रदेश सरकार पहली बार अपने कार्यों का लेखा-जोखा जनता तक पहुंचा रही है। रथ यात्रा के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचेगी।

कोटा। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियों को सीधे आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘विकसित राजस्थान रथ यात्रा’ के तहत कोटा शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के रथ सोमवार को औपचारिक रूप से रवाना किए गए। इस जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ पूर्व सांसद एवं संभाग प्रभारी नारायण पंचारिया ने किया। कार्यक्रम में कोटा उत्तर विधायक संदीप शर्मा तथा भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लिए सेवन वंडर पार्क से, कोटा दक्षिण विधानसभा के लिए चौपाटी बाजार से तथा लाडपुरा विधानसभा क्षेत्र के लिए छावनी चौराहे से रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रथों के माध्यम से प्रदेश सरकार के बीते दो वर्षों के कार्यों, योजनाओं और उपलब्धियों का विवरण मंडल स्तर से लेकर ग्राम पंचायत तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए पूर्व सांसद नारायण पंचारिया ने कहा कि आज़ाद भारत के इतिहास में यह पहली बार है जब कोई सरकार अपने कार्यों का लेखा-जोखा लेकर स्वयं जनता के बीच पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि यह रथ यात्रा केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास है। विधायक और कार्यकर्ता रथों के साथ क्षेत्र में जाकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे, जिससे जनता में विश्वास और उत्साह का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का कोई भी क्षेत्र विकास से अछूता नहीं रहा और सरकार अपने चुनावी वादों पर खरी उतरी है।
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार के दो वर्षों में राजस्थान में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। इन उपलब्धियों को 15 दिवसीय रथ यात्रा के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यात्रा जनता को यह बताने का अवसर है कि पूर्ववर्ती सरकारों का शासन केवल घोषणाओं तक सीमित रहा, जबकि वर्तमान सरकार ने अपने प्रत्येक वादे को धरातल पर उतारकर दिखाया है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन का उल्लेख करते हुए राजनीति को सेवा का माध्यम बनाने की बात कही।
भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि रथ यात्रा का उद्देश्य केवल उपलब्धियों का प्रचार नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ कोई भी पात्र व्यक्ति पाने से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष हेमंत विजय, जिला महामंत्री शैलेंद्र ऋषि, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी, जिला प्रवक्ता जगदीश मोहिल, कालूलाल भील, नयापुरा मंडल अध्यक्ष संजय समीर सैनी, विज्ञान नगर मंडल अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, पूर्व पार्षद विवेक मित्तल, सुनीता सामरिया, पूनम जैन, प्रसन्न माहेश्वरी, चेतन नागर, रवि नायक, लोकेश भट्ट, सतीश लक्षकार, सोनू गौतम और घनश्याम ओझा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
‘विकसित राजस्थान रथ यात्रा’ के माध्यम से सरकार की नीतियों और कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का यह अभियान आने वाले दिनों में जनसंवाद और सहभागिता को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
- कोटा में विकसित राजस्थान रथ यात्राकोटा उत्तर दक्षिण लाडपुरा रथ रवानानारायण पंचारिया रथ यात्रा कोटाभजनलाल शर्मा सरकार की उपलब्धियां कोटाभाजपा जनसंपर्क रथ यात्रा राजस्थानकोटा विधानसभा रथ यात्रा समाचारdeveloped rajasthan rath yatra kotanarayan panchariya rath yatra newsbjp government achievements rath yatra rajasthankota north south ladpura assembly rathrajasthan government public outreach campaign kota

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
