कोटा। बसंत विहार स्थित अकलंक पब्लिक स्कूल में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, शपथ ग्रहण और पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ ममता पंचोली ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में संविधान की भूमिका पर प्रकाश डाला। स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष बज एवं महासचिव अनिमेष जैन ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया गया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित अधिकारों, कर्तव्यों और मूलभूत सिद्धांतों की जानकारी दी।

सामाजिक विज्ञान विभाग की शिक्षिका मिस आरुषि ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया के बारे में बताया। इस अवसर पर संविधान विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक और संदेशपरक पोस्टरों के जरिए संवैधानिक मूल्यों एवं लोकतांत्रिक आदर्शों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का निर्णायक मूल्यांकन दीपक शर्मा ने किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अर्चना जोशी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के लिए संविधान की जानकारी होना आवश्यक है। अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को समझना और उनका ईमानदारी से निर्वहन करना ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रस्तावना वाचन और शपथ ग्रहण के माध्यम से विद्यार्थियों ने संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा व्यक्त की।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story