कांग्रेस ने KEDL की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, जांच समिति को सौंपा ज्ञापन
शहर जिला कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ ने बिजली बिलिंग, नए कनेक्शन, वीसीआर और सोलर वेरिफिकेशन से जुड़ी समस्याओं पर जयपुर से आई जांच समिति को शिकायत दी।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी सहकारिता प्रकोष्ठ ने विजय पंडित के नेतृत्व में कोटा में जयपुर से आई ऊर्जा विभाग की जांच समिति को KEDL से जुड़ी उपभोक्ता समस्याओं के समाधान हेतु ज्ञापन सौंपा।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी सहकारिता प्रकोष्ठ ने निजी बिजली कंपनी केईडीएल की कार्यशैली और उपभोक्ताओं के प्रति संवेदनहीन रवैये के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। जिला अध्यक्ष विजय पंडित के नेतृत्व में आज ऊर्जा विभाग की जयपुर से आई जांच कमेटी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर आमजन की बिजली संबंधी गंभीर समस्याओं और केईडीएल अधिकारियों की मनमानी से अवगत कराया गया। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों ने बिजली विभाग की लचर कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि आम उपभोक्ता व्यवस्थाओं के अभाव में पिस रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से यह रेखांकित किया गया कि वर्तमान में उपभोक्ता केईडीएल की अव्यवस्थाओं से त्रस्त हैं। समस्याओं के केंद्र में अधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक न होना, नए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब, बिलिंग में भारी अनियमितताएं और सोलर सिस्टम वेरिफिकेशन में बरती जा रही घोर लापरवाही शामिल है। विशेष रूप से गरीब उपभोक्ताओं पर अनुचित तरीके से वीसीआर (सतर्कता जांच रिपोर्ट) भरने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिसे प्रकोष्ठ ने अधिकारियों की तानाशाही करार दिया। ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रत्येक सबडिवीजन स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों के संपर्क सूत्र सार्वजनिक किए जाएं, बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को सुगम बनाया जाए, त्रुटिपूर्ण बिलिंग व्यवस्था में सुधार हो और सोलर उपभोक्ताओं के लंबे समय से लंबित कार्यों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर विजय पंडित ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आमजन की इन ज्वलंत समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस कार्यकर्ता व्यापक जनआंदोलन का मार्ग अपनाने को विवश होंगे और इसके परिणामस्वरूप उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंदा शर्मा, उपाध्यक्ष वैभव गौतम, उपाध्यक्ष राकेश दाधीच, उपाध्यक्ष विनीत स्टोन, संगठन महासचिव चांद मोहम्मद घोसी, कोषाध्यक्ष अंजू मेहरा, सचिव विंसेंट ऑस्टिन, सचिव विजय हाडा और वार्ड अध्यक्ष अरमान खान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
