भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने देश भर के युवाओं की आवाज को मुखर करने के उद्देश्य से अपने राष्ट्रव्यापी अभियान "छात्रों की गूंज" का औपचारिक शुभारंभ आज कोटा से किया। सर्किट हाउस में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार की परीक्षा प्रणाली पर कड़े सवाल उठाए और इसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया। 40 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत देश के 28 प्रमुख शहरों के कॉलेज परिसरों और कोचिंग केंद्रों तक पहुंचकर छात्रों की समस्याओं को संकलित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त कोटा संयोजक एवं गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विधायक जिग्नेश मेवानी ने केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने नीट यूजी 2026 के पेपर लीक मामले को सरकार की विफलता का प्रमाण बताते हुए कहा कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी अब 'नेशनल ट्रॉमा एजेंसी' में तब्दील हो चुकी है। मेवानी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि नैतिकता के आधार पर मंत्री को पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस की प्रमुख मांगों में पेपर लीक माफिया और उनके राजनीतिक संरक्षकों की निष्पक्ष जांच, पूरी परीक्षा व्यवस्था का व्यापक ओवरहॉल तथा वार्षिक भर्ती कैलेंडर का अनिवार्य क्रियान्वयन शामिल है।

शहर जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने कोटा को शिक्षा की राजधानी बताते हुए कहा कि भाजपा शासन में छात्रों की मेहनत को पेपर लीक की घटनाओं ने पूरी तरह तार-तार कर दिया है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 1 अगस्त को कोटा कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा, जिसमें छात्रों के संघर्ष को प्रमुखता दी जाएगी। वहीं, देहात अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले एक दशक में हुए दर्जनों पेपर लीक ने शिक्षा व्यवस्था को आईसीयू की स्थिति में पहुंचा दिया है।

प्रेस वार्ता में पीसीसी महासचिव पुष्पेंद्र भारद्वाज, आमीन पठान, पवन मीणा, डॉ. विजय सोनी, मौजूद्दीन गुड्डू, विशाल मेवाड़ा और प्रदीप सुमन सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस का यह अभियान अब सड़कों से लेकर संसद तक गूंजने की तैयारी में है, जिसका उद्देश्य युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह बनाना है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story