कोटा।

कोटा शहर न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि सेवा और मानवता की मिसाल भी बनता जा रहा है। इसी कड़ी में एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया जब टौंक से कोटा आकर नीट की तैयारी कर रही एक कोचिंग छात्रा ने पहली बार एक अनजान मरीज के लिए ओ नेगेटिव एसडीपी डोनेट कर मानवता की मिसाल पेश की।

लायंस क्लब कोटा टेक्नो के निदेशक एवं टीम जीवनदाता के संरक्षक व संयोजक भुवनेश गुप्ता ने बताया कि देर रात एक मरीज मुरली मनोहर को दो यूनिट ओ नेगेटिव ब्लड चढ़ाए जाने के बाद ओ नेगेटिव एसडीपी की तत्काल आवश्यकता पड़ी। उसी समय वैश्य समाज की टीम आगामी वैश्य अन्नकूट महोत्सव की तैयारियों में व्यस्त थी, लेकिन समाजसेवा के प्रति समर्पण देखते हुए जिला अध्यक्ष दिनेश विजय के नेतृत्व में पूरी टीम ने तुरंत प्रयास शुरू कर दिए।

भुवनेश गुप्ता को एसडीपी के लिए कॉल प्राप्त होते ही उन्होंने हाल ही में रक्तदान करने वाली सूची से संपर्क साधा। सूची में शामिल कोचिंग छात्रा मोक्षिता चौधरी को जब यह बात बताई गई, तो उन्होंने बिना विलंब किए इसे अपनी प्राथमिकता बनाया। रात में वैश्य समाज के सदस्यों ने मोक्षिता को ब्लड बैंक तक पहुंचाया, जहां उसने जीवन की पहली एसडीपी डोनेट की।

मोक्षिता के इस निःस्वार्थ कार्य ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया। कम उम्र में इतनी गहरी सेवा भावना ने यह संदेश दिया कि कोटा केवल परीक्षा की तैयारी का शहर नहीं, बल्कि संस्कार और सहृदयता की भूमि भी है।

एसडीपी डोनेशन के बाद मोक्षिता चौधरी ने कहा कि “कोटा में पढ़ाई का वातावरण ही नहीं, बल्कि सेवा और संस्कार का भाव भी श्रेष्ठ है। मुझे खुशी है कि मैं किसी की जान बचाने में योगदान दे सकी। सफलता केवल मेहनत से नहीं, बल्कि सेवा से भी प्राप्त होती है।”

इस अवसर पर मोक्षिता के परिजन महेश चौधरी ने उसकी इस सेवा भावना पर गर्व व्यक्त किया। समाज के लोगों ने भी मोक्षिता को सम्मान और स्नेह के साथ सराहा।

कोटा में निरंतर बढ़ती सेवा की यह परंपरा न केवल शहर की पहचान को और उज्ज्वल कर रही है, बल्कि यह संदेश भी दे रही है कि युवा वर्ग जब सेवा को जीवन का हिस्सा बना लेता है, तब समाज में मानवता की लौ और भी प्रखर हो जाती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story