छोटीसादड़ी। पुलिस थाने में तैनात महिला कांस्टेबल सोम कुंवर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस प्रशासन की शिथिल कार्यप्रणाली के खिलाफ सोमवार को समूचा छोटीसादड़ी नगर स्वतः स्फूर्त बंद रहा। प्रतापगढ़ जिले के वरमंडल निवासी मृतका सोम कुंवर को न्याय दिलाने और दोषियों पर त्वरित कार्रवाई की मांग को लेकर करणी सेना एवं सर्व धर्म समाज के आह्वान पर क्षेत्र के नागरिकों ने एकजुट होकर उग्र आक्रोश व्यक्त किया।

इस संवेदनशील मामले को लेकर सर्व समाज और क्षत्रिय समाज के सैकड़ों लोग महाराणा प्रताप बस स्टैंड पर एकत्रित हुए। यहां से दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर एक विशाल आक्रोश रैली निकाली गई। यह रैली नगर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए, पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी के साथ उपखंड कार्यालय पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने उपखंड कार्यालय पर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन उपखंड अधिकारी (एसडीएम) यतीन्द्र पोरवाल को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को अविलंब गिरफ्तार नहीं किया गया, तो इस आंदोलन को आगामी दिनों में और अधिक तेज किया जाएगा।

करणी सेना और सर्व समाज के इस राष्ट्रव्यापी बंद के आह्वान का व्यापक असर सोमवार सुबह से ही छोटीसादड़ी नगर में देखने को मिला। सुबह से ही नगर के सभी प्रमुख बाजार पूरी तरह से बंद रहे। व्यापारिक प्रतिष्ठान, दुकानें और अन्य तमाम व्यावसायिक गतिविधियां पूरी तरह से ठप रहने के कारण हमेशा व्यस्त रहने वाली नगर की सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। इस बंद को क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों और आम जनता का भरपूर व स्वतः स्फूर्त समर्थन मिला, जिससे प्रशासन पर दबाव साफ तौर पर देखा जा रहा है।

समाजजनों और प्रदर्शनकारियों का सीधा आरोप है कि महिला कांस्टेबल की संदिग्ध मौत जैसी गंभीर घटना के बाद भी स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक कोई संतोषजनक या ठोस कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। पुलिस की इस कथित निष्क्रियता और टालमटोल वाले रवैये के कारण ही परिजनों सहित पूरे सर्व समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस बंद और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के माध्यम से समाज ने प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया है कि न्याय मिलने तक उनकी यह लड़ाई निरंतर जारी रहेगी।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story