स्टेशन क्षेत्र की पूनम कॉलोनी में चल रही श्रीरामकथा में मंगलवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने उपस्थित होकर रामकथा का श्रवण किया। व्यास पीठ पर विराजमान कथावाचक आचार्य प्रियांशुजी महाराज ने माहुर का गरिमापूर्ण स्वागत किया।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में छगन माहुर ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों और उपदेशों को जीवन में आत्मसात करने से मनुष्य का जीवन सफल और संतुलित बनता है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में सच्ची शांति साधना से ही प्राप्त होती है, न कि केवल साधनों से। माहुर ने उपस्थित श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि जब भी कोई कार्य प्रारंभ करें, तो हर्षित मन से उसे करें और भगवान श्रीराम का नाम लें। उन्होंने आगे कहा, "यह सोचें कि कार्य मैं नहीं कर रहा, यह तो भगवान करवा रहे हैं, और मैं केवल माध्यम हूं जिससे ऊर्जा का संचार होगा।"

माहुर ने इस बात पर भी जोर दिया कि आज के समय में सनातन धर्म के अंतर्गत आवश्यक है कि हम अपने बच्चों को श्रेष्ठ संस्कार दें। उन्होंने श्रीराम के जीवन को आदर्श और कर्तव्यपरायण बताया, यही कारण है कि उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है।

इससे पूर्व, व्यासपीठ पर उपस्थित आचार्य प्रियांशुजी महाराज ने कहा कि रामकथा का श्रवण करने से मनुष्य भवसागर से पार पाता है और जीवन के सभी संशय दूर होते हैं। उन्होंने बताया कि जो व्यक्ति प्रभु की कथा को श्रवण कर अपने जीवन में चरितार्थ करता है, उसका जीवन धन्य और सार्थक बन जाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालु श्रीरामकथा में गहरी रुचि दिखाते हुए कथा के हर संवाद का आनंद लेते नजर आए। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक श्रद्धा को बढ़ावा दिया, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना और नैतिक मूल्यों के प्रचार का भी संदेश दिया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story