रिद्धि-सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी स्थित अतिशयकारी श्री 1008 चंद्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर में ‘विराग वर्धन वर्षायोग-2026’ के अंतर्गत समाधिस्थ गणाचार्य श्री 108 विरागसागर जी महाराज के सुशिष्य एवं पट्टाचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी महाराज के आज्ञानुवर्ती गणधर मुनि श्री 108 विवर्धनसागर जी महाराज ससंघ (6 पिच्छी) का चातुर्मास श्रद्धा, भक्ति और धर्माराधना के वातावरण में जारी है। यह आयोजन श्री चंद्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर समिति एवं सकल दिगम्बर जैन समाज समिति, रिद्धि-सिद्धि नगर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

प्रवचन के दौरान गणधर मुनि श्री 108 विवर्धनसागर जी महाराज ने कहा कि प्राचीन काल में मुनिराज वर्षायोग के समय वन और गुफाओं में साधना किया करते थे, लेकिन पंचम काल में उत्कृष्ट साधना स्थलों के अभाव के कारण अब संत समाज के मध्य रहकर चातुर्मास करते हैं, जिससे अधिक से अधिक लोगों को धर्म, संयम और आत्मकल्याण का लाभ मिल सके।

मुनिश्री ने कहा कि चातुर्मास का प्रत्येक दिन आत्मचिंतन, स्वाध्याय, व्रत, संयम और धर्माराधना के लिए अमूल्य अवसर होता है। प्रत्येक वर्ग के लोगों को अधिकाधिक संख्या में धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर आत्मिक उन्नति का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जैसे धूप और छाया में बैठने का अनुभव अलग होता है, उसी प्रकार धर्म और अधर्म का आचरण जीवन की दिशा निर्धारित करता है। जो व्यक्ति सम्यक दर्शन और व्रतों का पालन करते हुए धर्ममार्ग पर चलता है, वह देवगति और अंततः मोक्ष की ओर अग्रसर होता है, जबकि धर्म से विमुख जीवन दुर्गति का कारण बनता है।

इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा, मंत्री पंकज खटोड़, कोषाध्यक्ष ताराचंद बड़ला, टीकम पाटनी, पारस कासलीवाल, पारस लुहाड़िया, राजकुमार पाटनी, पूर्व न्यायाधीश जिनेन्द्र जैन सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पारस कासलीवाल ने किया।

31 जुलाई को होगा भव्य मंगल कलश स्थापना महोत्सव

मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड ने बताया कि विराग वर्धन वर्षायोग-2026 के अंतर्गत श्री चंद्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर, रिद्धि-सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी में 29 से 31 जुलाई तक त्रिदिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रमों के तहत 29 जुलाई को प्रातः 8 बजे से गुरु पूर्णिमा महोत्सव, 30 जुलाई को वीर शासन जयंती तथा 31 जुलाई को प्रातः 8 बजे से विराग वर्धन चातुर्मास मंगल कलश स्थापना महोत्सव आयोजित होगा।

विराग वर्धन वर्षायोग-2026 के अंतर्गत 31 जुलाई (शुक्रवार) प्रातः 8 बजे श्री चंद्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर, रिद्धि-सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी में भव्य मंगल कलश स्थापना महोत्सव संपन्न होगा। कार्यक्रम में ध्वजारोहण, चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

मंगल कलश स्थापना महोत्सव का सौभाग्य मनोज नेहा, आशीष-रोजी, चि. प्रज्ञम, राशी, अर्शिशा, थनीशा एवं समस्त जैसवाल परिवार, इंद्राविहार, कोटा को प्राप्त हुआ है। चातुर्मास के तहत आयोजित यह धार्मिक आयोजन समाज में धर्म, संयम और आत्म साधना के संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story