चम्बल परियोजना की नहरों में पर्याप्त जलप्रवाह नहीं होने से खरीफ फसलों पर संकट की आशंका के बीच भारतीय किसान संघ ने गुरुवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन कर नहरों में तत्काल जलप्रवाह बढ़ाने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा गया तो वे व्यापक आंदोलन करने के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।

भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री रूपनारायण यादव ने बताया कि जिलाध्यक्ष जगदीश कलमण्डा, लाडपुरा तहसील अध्यक्ष दाऊशंकर शर्मा तथा कोटा महानगर अध्यक्ष बृजराज नागर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचे। इस दौरान किसानों ने "सूखती फसलें करें पुकार, नहरों में पानी बढ़ाओ सरकार" और "नहीं किसी से भीख मांगते, हम अपना अधिकार मांगते" जैसे नारों के साथ प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद किसानों ने अतिरिक्त संभागीय आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर दांयी मुख्य नहर में जलप्रवाह बढ़ाने की मांग रखी। जिलाध्यक्ष जगदीश कलमण्डा ने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण खरीफ फसलें पूरी तरह नहरी सिंचाई पर निर्भर हैं। किसान आंदोलन के बाद सरकार और प्रशासन ने नहरों में पानी छोड़ने का निर्णय लिया, लेकिन वर्तमान में छोड़ा जा रहा जलप्रवाह इतना कम है कि पानी केवल नहर के तल तक ही सीमित है और खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान उम्मीद लगाए बैठे हैं कि नहरों में पूरी क्षमता से पानी छोड़ा जाएगा, ताकि समय पर सिंचाई हो सके और फसलों को बचाया जा सके। वर्तमान स्थिति में जलप्रवाह केवल दिखावे तक सीमित प्रतीत हो रहा है, जबकि किसानों को वास्तविक सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता है। भारतीय किसान संघ ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि नहरों में तत्काल पर्याप्त जलप्रवाह बढ़ाकर किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाए।

जिला कोषाध्यक्ष देवीशंकर गोचर और जिला जैविक प्रमुख राजेन्द्र नागर ने कहा कि यदि समय रहते नहरों में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा गया तो किसानों को मजबूर होकर उग्र आंदोलन करना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन में संभाग विपणन प्रमुख मुकुटबिहारी, जिला कार्यालय मंत्री महावीर नागर, महानगर सह मंत्री रामसहाय उपाध्याय, महानगर प्रचार प्रमुख कमलेश जांगिड़, लाडपुरा तहसील मंत्री सूरजमल, महेन्द्र गुर्जर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story