किसानों और पशुपालकों के हितों में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ तथा कोटा सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ को नई दिल्ली में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

केंद्रीय मंत्री मंडाविया ने कहा कि देश के विकास में जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले ऐसे जनप्रतिनिधि और सहकारिता से जुड़े कार्यकर्ता ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के वास्तविक सारथी हैं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा किसानों और पशुपालकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में ऐसे समर्पित व्यक्तित्वों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

चैनसिंह राठौड़ ने बताया कि राजस्थान के 24 दुग्ध संघों में से कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ का चयन इस सम्मान के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य के संघों में वे एकमात्र प्रतिनिधि रहे, जिन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है।

सोमवार को कोटा आगमन पर राठौड़ के सम्मानित होने पर कोटा सहकारी भूमि विकास बैंक में उनका स्वागत और सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष भंवर सिंह हाड़ा तथा संचालक निहाल सिंह राठौड़, राधाकिशन मीणा, मुकेश मीणा, जगदीश प्रसाद मीणा, जगदीश शर्मा, बाबूलाल बैरवा, मांगीलाल मेहरा एवं बैंक सचिव ऋतु सपरा (उप रजिस्ट्रार) ने पुष्प गुच्छ भेंट कर और माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

अपने उद्बोधन में राठौड़ ने इस सम्मान को क्षेत्र के किसानों, दुग्ध उत्पादकों तथा सहकारिता से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। राठौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि सहकारिता की भावना को मजबूत करते हुए दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण विकास को गति देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि कोटा-बूंदी क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, पशुपालकों को उचित मूल्य दिलाने और सहकारी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में संघ लगातार कार्य कर रहा है, जिसका लाभ हजारों किसानों को मिल रहा है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story