CBSE 12वीं इम्प्रूवमेंट परीक्षा के आवेदन 8 अक्टूबर से, IIT-NIT में प्रवेश के लिए बोर्ड अंकों की पात्रता बढ़ाएगी छात्रों की चिंता
सीबीएसई 12वीं इम्प्रूवमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 से 24 अक्टूबर तक होंगे। फरवरी-मार्च 2027 की मुख्य परीक्षाओं के साथ परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में अपेक्षित अंक हासिल नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों के लिए इम्प्रूवमेंट परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलने जा रहा है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने अंकों में सुधार के लिए आवेदन प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। बुधवार को जारी आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार, इम्प्रूवमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 अक्टूबर से शुरू होंगे और आवेदन की अंतिम तिथि 24 अक्टूबर निर्धारित की गई है। पिछले वर्ष यह प्रक्रिया 9 सितंबर को शुरू हो गई थी। इस बार आवेदन प्रक्रिया में देरी और परिणामों से असंतुष्ट विद्यार्थियों की संभावित संख्या को देखते हुए इम्प्रूवमेंट के लिए आवेदन बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
इस वर्ष सीबीएसई ने पहली बार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच ऑनलाइन डिजिटल माध्यम से कराई थी। इस प्रक्रिया में कुछ कमियां भी सामने आई थीं, जिसके चलते रीचेकिंग के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। ऐसे में परिणामों से असंतुष्ट विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने पर इम्प्रूवमेंट परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
एलन करियर इंस्टीट्यूट के एजुकेशन एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि इम्प्रूवमेंट परीक्षा देना चाहने वाले विद्यार्थियों को सीबीएसई की वेबसाइट पर उपलब्ध प्राइवेट कैंडिडेट लॉगिन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यदि कोई विद्यार्थी सभी पांचों विषयों में अंकों में सुधार करना चाहता है, तो उसे 1600 रुपये शुल्क जमा करवाना होगा। वहीं, एक या एक से अधिक विषयों में इम्प्रूवमेंट परीक्षा देने के लिए प्रति विषय 320 रुपये परीक्षा शुल्क निर्धारित किया गया है। सीबीएसई के नोटिफिकेशन के अनुसार, इन विद्यार्थियों की परीक्षाएं फरवरी, मार्च और अप्रैल 2027 में प्रस्तावित मुख्य परीक्षाओं के साथ आयोजित की जाएंगी।
आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश के लिए निर्धारित बोर्ड पात्रता भी इस वर्ष इम्प्रूवमेंट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने का प्रमुख कारण बन सकती है। अमित आहूजा के अनुसार, हर वर्ष जेईई एडवांस्ड और जेईई मेन में शामिल होने वाले सबसे अधिक विद्यार्थी सीबीएसई बोर्ड से होते हैं। वर्ष 2020 से 2022 के दौरान आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश के लिए बोर्ड अंकों की पात्रता में छूट दी गई थी, लेकिन वर्ष 2023 से बोर्ड पात्रता की शर्त दोबारा लागू कर दी गई।
इसके तहत विद्यार्थियों के लिए 12वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप-20 पर्सेन्टाइल में स्थान हासिल करना या 75 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य किया गया। आहूजा ने बताया कि वर्ष 2027 में आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश के लिए भी बोर्ड अंकों की पात्रता लागू रहना निश्चित है। ऐसे में जो विद्यार्थी निर्धारित पात्रता पूरी नहीं कर पाए हैं, उन्हें इम्प्रूवमेंट परीक्षा के लिए तय समयसीमा के भीतर आवेदन करना होगा। इसी कारण इस वर्ष बोर्ड इम्प्रूवमेंट परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
अमित आहूजा ने बताया कि पिछले वर्ष भी कई विद्यार्थी बोर्ड पात्रता को लेकर असमंजस में रहने के कारण इम्प्रूवमेंट परीक्षा के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे। बाद में जेईई एडवांस्ड और जेईई मेन में रैंक हासिल करने के बावजूद वे आईआईटी और एनआईटी में प्रवेश से वंचित रह गए थे। ऐसे में 8 से 24 अक्टूबर तक चलने वाली आवेदन प्रक्रिया उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जो 12वीं के अंकों में सुधार कर निर्धारित पात्रता पूरी करना चाहते हैं।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
