बूंदी बंद: चिकित्सा लापरवाही पर प्रदर्शन, कांग्रेस ने किया समर्थन
व्यापारी अशोक गुप्ता की मौत और चिकित्सा व्यवस्था में लापरवाही के खिलाफ 6 अक्टूबर को बंद का आह्वान, प्रहलाद गुंजल ने दी आंदोलन की चेतावनी।

तस्वीर में बाईं तरफ चश्मा पहने और दाईं तरफ साफा बांधे प्रहलाद गुंजल नजर आ रहे हैं।
कोटा/बूंदी। चिकित्सा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर 6 अक्टूबर को व्यापारियों द्वारा किए जा रहे बूंदी बंद को कांग्रेस ने पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। कोटा उत्तर पूर्व विधायक व कोटा-बूंदी लोकसभा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल ने कहा कि बूंदी के प्रतिष्ठित व्यापारी अशोक गुप्ता की चिकित्सीय लापरवाही के कारण हुई मौत गंभीर चिंता का विषय है। घटना को लेकर पूरे शहर और व्यापारी जगत में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों में मानवीय संवेदनाएं हैं, वे हर वर्ग इस घटना की आलोचना और निंदा कर रहा है।
गुंजल ने कहा कि बूंदी के व्यापारियों ने 6 अक्टूबर को बंद का आह्वान किया है। कांग्रेस व्यापारियों की इस जायज मांग के साथ खड़ी है और बंद का पूर्ण समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि जानकारी में आया है कि राजनीतिक दृष्टि से सत्ता व्यापारियों को दबाने का प्रयास कर रही है। यदि बूंदी के व्यापारियों के साथ किसी भी प्रकार की दुर्भावनावश कार्रवाई की गई तो कांग्रेस पार्टी सरकार की ईंट से ईंट बजा देगी।
उन्होंने प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। गुंजल ने कहा कि पूरे प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई है। लोग सरकारी अस्पतालों में जान बचाने के लिए जाते थे, लेकिन अब उन्हीं सरकारी अस्पतालों से जान बचाने के लिए भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में कोटा में हुई पांच प्रसूताओं की मौत के मामले में जांच में किसी को भी दोषी नहीं पाया जाना सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
प्रहलाद गुंजल ने प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था में शीघ्र सुधार की मांग की। बूंदी बंद के समर्थन में कांग्रेस की घोषणा और व्यापारियों पर कार्रवाई की स्थिति में सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी ने चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े इस मुद्दे को राजनीतिक स्तर पर भी प्रमुख बना दिया है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
