कोटा, 21 दिसंबर।

“रक्तदान करके हम किसी का जीवन बचा सकते हैं”—इसी संदेश को साकार करते हुए शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 कोटा-बारां, रक्तकोष फाउंडेशन, पुलिस विभाग बारां और समर्पण ब्लड डोनर के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम बालापुरा खोपर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शहीदों की स्मृति, अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष और राज्य सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस शिविर में 95 यूनिट रक्त संग्रह कर मानवीय सेवा का उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

शिविर संयोजक जुगल नागर ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी रहे, जबकि शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नेता हिम्मतसिंह सिंघवी ने किया। मुख्य वक्ता के रूप में शिक्षा सहकारी कोटा-बारां के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता छबड़ा प्रधान हरिओम नागर ने की। इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक छबड़ा ताराचंद, थानाधिकारी राजेश खटाणा, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश भुटानी, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश नागर, जिला परिषद सदस्य प्रेमचंद मीणा, पूर्व प्रधान गोकुल रावल, पूर्व चेयरमैन कैलाशचंद जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अपने संबोधन में अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने रक्तदान को “महादान” बताते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक कहा। वहीं शिक्षा सहकारी के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने कहा कि रक्तदान न केवल किसी अजनबी के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि समाज में मानवीय मूल्यों को भी मजबूत करता है। उन्होंने अधिकाधिक लोगों से इस पुनीत कार्य में भाग लेने का आह्वान किया।

रक्तकोष फाउंडेशन के बारां जिलाध्यक्ष नंदलाल केसरी ने बताया कि शिविर में रक्तवीरांगना ममता नागर सहित 95 पुलिस जवानों, युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर के दौरान सत्यनारायण मीणा और रामगोपाल धाकड़ ने देहदान का संकल्प लेकर सेवा भावना को नई ऊंचाई दी। खोपर, कोहणी, रीझा, रीझड़ी, कांसल, बोहरा, कैशोली, गुरूखेडी, पीपलिया, बाउड़ीखेड़ा, खेडला, राजपुरा और शाहाबाद सहित आसपास के अनेक गांवों से आए लोगों ने दिनभर चल रहे शिविर में भाग लेकर इसे सफल बनाया।

फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. अनिल मर्मिट ने बताया कि बारां ब्लड बैंक की टीम ने डॉ. राजेंद्र मालव के नेतृत्व में रक्त संग्रहण की जिम्मेदारी निभाई। शिविर की सफलता पर जिलाध्यक्ष नंदलाल केसरी और जिला संयोजक दुर्गाप्रसाद प्रजापति ने सभी सहयोगियों, रक्तदाताओं और आयोजन से जुड़े संस्थानों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह शिविर न केवल रक्त की आवश्यकता को पूरा करने में सहायक बना, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता का सशक्त संदेश भी छोड़ गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story