झालावाड़ जिले के भवानी मंडी में भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जिले के पदाधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा की अध्यक्षता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहौर के मुख्य आतिथ्य में शुरू हुआ। प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन से पहले जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी की वर्तमान यात्रा को चित्रों के माध्यम से दर्शाती प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन सत्र में स्थानीय विधायक कालूराम मेघवाल, पूर्व विधायक नरेंद्र नगर, मान सिंह चौहान, कन्हैयालाल पाटीदार, जिला महामंत्री दिनेश अग्रवाल, वर्ग संयोजक एवं जिला महामंत्री हेमंत सिंह सोजपुर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

भवानी मंडी नगर मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन ने प्रशिक्षण वर्ग की जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम सत्र में “कार्यपद्धति” विषय पर प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता छगन माहौर ने कहा कि बूथ से लेकर टोली और राष्ट्रीय स्तर तक की बैठकें संगठनात्मक कार्यों की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि संचार क्रांति के वर्तमान दौर में वर्चुअल बैठकों का भी विशेष महत्व है। वैधानिक एवं संगठनात्मक इकाई के रूप में कार्यसमिति की भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यशालाएं कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाने का माध्यम हैं, जबकि प्रवास, प्रशिक्षण, कार्यालय, कार्यक्रम और आंदोलन भाजपा की कार्यपद्धति की प्रमुख विशेषताएं हैं। उन्होंने कार्यकर्ता विकास, कार्यकर्ता संभाल, विचार निष्ठा, समर्पण, पारिवारिक भाव, सामूहिक निर्णय, समन्वय, संवाद, संपर्क, प्रमाणिकता तथा महिला कार्यकर्ताओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ संगठन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

द्वितीय सत्र में “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि भारतीय चिंतन के आधार पर सकारात्मक राजनीतिक विकल्प देने के उद्देश्य से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की अध्यक्षता में 21 अक्टूबर 1951 को जनसंघ की स्थापना हुई थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1952 में दीपक चुनाव चिन्ह पर पहला चुनाव लड़ा गया, जिसमें तीन सांसदों की जीत के साथ 3.06 प्रतिशत मत प्राप्त कर पार्टी को राष्ट्रीय राजनीतिक दल के रूप में मान्यता मिली। उन्होंने कश्मीर आंदोलन, गोवा मुक्ति आंदोलन, तिब्बत मुक्ति आंदोलन, शिमला समझौते के विरोध, आपातकाल विरोधी आंदोलन सहित विभिन्न वैचारिक संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा लगातार अपने वैचारिक संकल्पों के साथ आगे बढ़ती रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में वसुंधरा राजे को नेतृत्व देने का सौभाग्य भी भाजपा को मिला। जनसंघ से भाजपा तक के सफर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दो सांसदों से शुरुआत करने वाला संगठन आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुका है और गरीब कल्याण के कार्य सरकारों के माध्यम से किए जा रहे हैं।

तृतीय सत्र में कोटा के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकुट नागर ने “कार्यकर्ता का विकास, संभाल और दायित्वबोध” विषय पर कहा कि कार्यकर्ता संभाल एक मनोवैज्ञानिक विषय है। उन्होंने कहा कि मित्रवत एवं स्नेहपूर्ण व्यवहार तथा आत्मीय संबंधों के आधार पर संगठन में पारिवारिक भाव विकसित करना भाजपा की कार्यशैली की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने व्यवहार के माध्यम से नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया।

चतुर्थ सत्र में बूंदी जिले के संगठन प्रभारी गौरव शर्मा ने “सिद्धांत का स्थान एवं सांस्कृतिक राष्ट्रवाद” विषय पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारधारा आधारित राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं तृतीय” की भावना भाजपा की मूल अवधारणा है। उन्होंने पंच निष्ठाओं के आधार पर समाज जीवन में कार्य करने की बात कही।

पंचम सत्र में प्रशिक्षण प्रभारी राजेंद्र नागर अंताणा ने “कार्य विस्तार की हमारी दृष्टि” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती का आधार कार्य विस्तार है। उन्होंने विचार, चरित्र और अनुशासन के साथ संगठनात्मक कार्य को संपूर्ण समाज के साथ एकात्म करने पर बल दिया।

अंतिम सत्र में सुश्री शिवांगी सिकरवार ने “सोशल मीडिया” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया का महत्व अत्यधिक बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग संगठन को प्रभावी बनाने, नागरिकों से संवाद मजबूत करने और सकारात्मक एवं नियमित संदेशों के माध्यम से जनसंपर्क बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने स्थानीय मुद्दों से जुड़ी सामग्री के माध्यम से नए मतदाताओं को जोड़ने पर भी जोर दिया।

जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक हेमंत सिंह ने बताया कि दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग में जिले के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से संगठनात्मक कार्यपद्धति, वैचारिक प्रतिबद्धता, कार्यकर्ता विकास और डिजिटल संवाद को लेकर कार्यकर्ताओं को विस्तृत मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिससे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की रणनीति पर काम किया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story