भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ द्वारा उदयपुर में आयोजित प्रांतीय सहकारिता मंथन बैठक में कोटा के वरिष्ठ सहकारिता नेता एवं कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ तथा सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ किसान हितों, पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर अपने स्पष्ट विचारों के कारण चर्चा के केंद्र में रहे। सहकारिता के भविष्य, संगठनात्मक मजबूती और किसान कल्याण से जुड़े मुद्दों पर उनके सुझावों को बैठक में विशेष महत्व दिया गया।

उदयपुर में आयोजित इस मंथन बैठक में संगठनात्मक संरचना, सदस्यता अभियान, सहकारिता चुनाव, तीन माह के सहकारिता जागरण अभियान, प्रशिक्षण शिविर, संस्थागत समस्याओं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की सहकारिता क्षेत्र में उपलब्धियों पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं सहकारिता मंत्री गौतम दक की गरिमामयी उपस्थिति रही।

बैठक को संबोधित करते हुए चैनसिंह राठौड़ ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक उन्नयन का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि सहकारिता स्वाभिमान, स्वदेश और स्वावलंबन की भावना से ओतप्रोत व्यवस्था है, जो आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सहकारिता संस्थाओं में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखने के लिए समय पर चुनाव होना अत्यंत आवश्यक है। राठौड़ ने जोर देते हुए कहा कि ईमानदारी, सुचिता और जवाबदेही के साथ ही सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाया जा सकता है।

अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने बताया कि कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ में दुग्ध उत्पादक किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने के साथ 15 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया गया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए दुग्ध दरों में वृद्धि नहीं की गई। उन्होंने यह भी बताया कि गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती दुग्ध उत्पाद बाजार में उपलब्ध कराए गए हैं तथा क्यूआर कोड प्रणाली के माध्यम से उपभोक्ताओं को शुद्धता की गारंटी दी जा रही है।

सहकारी भूमि विकास बैंक की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए चैनसिंह राठौड़ ने बताया कि बैंक में 69 प्रतिशत एनपीए रिकवरी दर्ज की गई तथा 383 किसानों को 9.60 करोड़ रुपये की राहत प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि 20 से 35 वर्ष पुराने एनपीए खातों का भी निस्तारण किया गया, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली और सहकारिता संस्थाओं के प्रति भरोसा मजबूत हुआ।

सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि केंद्र में पृथक सहकारिता मंत्रालय के गठन और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम सेवा सहकारी समितियों के सशक्तिकरण, नई सहकारी समितियों के गठन और तकनीकी नवाचारों से आमजन का विश्वास लगातार बढ़ा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता को सत्ता संगठन के सेतु से जोड़ते हुए अपराधमुक्त, पारदर्शी और ईमानदार व्यवस्था की दिशा में कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद और अंत्योदय की भावना को सहकारिता के माध्यम से मजबूत किया जा रहा है।

भाजपा बलीचा कार्यालय में आयोजित बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भंडारी जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में सांसद मन्नालाल रावत, विधायक फूल सिंह मीणा सहित प्रदेशभर के सहकारिता पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक ने सहकारिता आंदोलन को किसान हित, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ नई दिशा देने का स्पष्ट संदेश दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story