राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की पुनर्परीक्षा से ठीक पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कोटा दौरे को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। राजस्थान विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र राठौड़ ने मंगलवार को कोटा में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके कार्यक्रम को “राजनीतिक पर्यटन” करार दिया।

राठौड़ ने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण देश के लगभग 22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है। आगामी 21 जून को नीट की दोबारा परीक्षा आयोजित की जानी है। ऐसे समय में परीक्षा से महज कुछ दिन पहले कोटा में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने के औचित्य पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मेहनत कर रहे विद्यार्थी और उनके परिवार इस तरह के राजनीतिक आयोजनों का हिस्सा बनने के बजाय अपनी तैयारी पर ध्यान देना पसंद करेंगे।

प्रेसवार्ता के दौरान राठौड़ ने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस शासन के दौरान 19 पेपर लीक की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे लाखों युवाओं के सपनों को आघात पहुंचा। उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय राहुल गांधी ने भर्ती परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं और युवाओं की परेशानियों को लेकर आवाज क्यों नहीं उठाई।

नीट पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने कहा कि इस प्रकरण का पहला बड़ा खुलासा राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने किया था। उनके अनुसार, एसओजी ने परीक्षा से पहले प्रसारित किए गए उस कथित ‘गेस पेपर’ का खुलासा किया था, जिसके अनेक प्रश्न वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए। उन्होंने कहा कि इसी जांच के आधार पर मामला राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचा और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। राठौड़ ने दावा किया कि जब जांच एजेंसियां सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रही हैं, तब कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।

भाजपा नेता ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि एसआईटी द्वारा अब तक 155 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 515 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके अनुसार वर्तमान सरकार ने 1.25 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां प्रदान की हैं, जबकि 1.45 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। साथ ही वर्ष 2026 के लिए 44 परीक्षाओं का कैलेंडर भी जारी किया जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि एसआईटी के गठन के बाद राज्य में 410 परीक्षाएं बिना पेपर लीक और बिना इंटरनेट बंदी के सफलतापूर्वक आयोजित की गई हैं।

राठौड़ ने यह भी कहा कि आगामी नीट परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए हैं और परीक्षा से जुड़े किसी भी प्रकार के अवैध नेटवर्क या माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रेसवार्ता में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कोटा देशभर के विद्यार्थियों का प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है, जहां छात्र अपने भविष्य को संवारने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा से ठीक पहले विद्यार्थियों का प्राथमिक लक्ष्य अपनी तैयारी को अंतिम रूप देना है। नागर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा विद्यार्थियों को राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि छात्र अपने करियर को प्राथमिकता दे रहे हैं।

वहीं, राजेन्द्र राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उन आरोपों को भी खारिज किया, जिनमें भाजपा पर कोचिंग संस्थानों पर दबाव बनाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा में नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर कार्यक्रम को लेकर असफलता की आशंका का माहौल है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा स्वयं विद्यार्थियों और कोचिंग संस्थानों से संपर्क कर कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रेसवार्ता में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, संभाग प्रभारी नाहर सिंह, जिला प्रभारी अजीत मेहता, सह-प्रभारी स्नेहा कंबोज तथा भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन सहित कई पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। नीट परीक्षा और राहुल गांधी के कोटा दौरे को लेकर दिए गए इन बयानों ने प्रदेश की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे दिया है, जहां शिक्षा, परीक्षा सुरक्षा और राजनीतिक गतिविधियां एक बार फिर आमने-सामने दिखाई दे रही हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story