पश्चिम बंगाल और असम के विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की रणनीतिक सफलता बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल की माताओं-बहनों ने अपनी असुरक्षा और युवाओं ने अपने भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ का हिसाब ‘वोट की चोट’ से चुका दिया।

माहुर ने कहा कि बंगाल में ममता दीदी की तुष्टीकरण की नीति से लोग परेशान थे, जबकि असम में भाजपा सरकार की विकासवादी नीतियों पर जनता ने अपनी स्पष्ट मुहर लगाई है। उन्होंने इस जीत को लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों की भावना का परिणाम बताया। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम लोगों से जुड़ने के लिए स्थानीय संस्कृति और जीवनशैली को अपनाया, जिसका सकारात्मक प्रभाव चुनाव परिणामों में दिखाई दिया।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई। विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों तक अपनी बात प्रभावी ढंग से पहुंचाई। माहुर के अनुसार, यह संगठित प्रयास और रणनीतिक दृष्टिकोण इस ऐतिहासिक विजय का प्रमुख आधार बना।

माहुर ने कहा कि जनता ने विभाजनकारी राजनीति को नकारते हुए भाजपा के सुशासन के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने दावा किया कि भारत की राजनीति से अब ‘वोट बैंक’ और ‘तुष्टिकरण’ का दौर समाप्त हो चुका है। अंत में उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को इस ऐतिहासिक विजय पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं, इसे जनभावनाओं की निर्णायक अभिव्यक्ति बताया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story