सहकारिता मंथन बैठक: चैनसिंह राठौड़ ने पारदर्शिता और किसान हितों पर दिया जोर
उदयपुर में आयोजित भाजपा प्रांतीय सहकारिता मंथन बैठक में मदन राठौड़ और गौतम दक की उपस्थिति में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पारदर्शी चुनाव पर चर्चा हुई।

उदयपुर के बलीचा स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रांतीय सहकारिता मंथन बैठक के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का अभिनंदन करते सहकारिता नेता चैनसिंह राठौड़ एवं अन्य पदाधिकारी।
उदयपुर/कोटा। भारतीय जनता पार्टी सहकारिता प्रकोष्ठ के तत्वावधान में उदयपुर के बलीचा स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रांतीय सहकारिता मंथन बैठक में कोटा के वरिष्ठ सहकारिता नेता चैनसिंह राठौड़ चर्चा के केंद्र में रहे, जहां उन्होंने सहकारिता को अंत्योदय का सबसे सशक्त मार्ग बताते हुए किसान हितों और व्यवस्थागत पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भंडारी जी के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुई इस उच्च स्तरीय बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और सहकारिता मंत्री गौतम दक की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक के दौरान संगठनात्मक संरचना, सदस्यता अभियान, सहकारिता चुनाव और आगामी तीन माह के सहकारिता जागरण अभियान सहित प्रशिक्षण शिविरों व संस्थागत समस्याओं पर विस्तृत विमर्श किया गया, जिसमें केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।
कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ तथा सहकारी भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने सभा को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि सहकारिता महज एक आर्थिक ढांचा नहीं, अपितु सामाजिक-आर्थिक उन्नयन का एक जीवंत जनआंदोलन है। उन्होंने स्वाभिमान, स्वदेश और स्वावलंबन की भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि यह व्यवस्था आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। राठौड़ ने सहकारिता आंदोलन की मजबूती के लिए ईमानदारी, शुचिता और जवाबदेही को अनिवार्य बताते हुए समय पर चुनाव संपन्न कराने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि संस्थाओं में जनता का विश्वास अडिग रहे।
अपने विजनरी नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए राठौड़ ने बताया कि कोटा-बूंदी दुग्ध संघ में दुग्ध उत्पादक किसानों को न केवल बेहतर मूल्य प्रदान किया जा रहा है, बल्कि 15 दिनों के भीतर त्वरित भुगतान भी सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने जनहितैषी दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार डाले बिना दुग्ध दरों को स्थिर रखा गया है और क्यूआर कोड प्रणाली जैसे तकनीकी नवाचारों के जरिए शुद्धता की गारंटी के साथ किफायती उत्पाद बाजार में उतारे गए हैं। वहीं, सहकारी भूमि विकास बैंक की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने जानकारी दी कि बैंक ने 69 प्रतिशत एनपीए रिकवरी की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जिसके तहत 20 से 35 वर्ष पुराने एनपीए खातों का निस्तारण कर 383 किसानों को 9.60 करोड़ रुपये की बड़ी राहत प्रदान की गई है।
कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री गौतम दक ने केंद्र में पृथक सहकारिता मंत्रालय के गठन और अमित शाह के नेतृत्व में हो रहे क्रांतिकारी परिवर्तनों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी नवाचारों से आमजन का भरोसा बढ़ा है। प्रदेश अध्यक्ष व सांसद मदन राठौड़ ने कहा कि सहकारिता को अपराध मुक्त कर सत्ता और संगठन के सेतु के रूप में विकसित किया गया है ताकि एकात्म मानववाद का लक्ष्य पूर्ण हो सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद मन्नालाल रावत, विधायक फूल सिंह मीणा सहित प्रदेशभर के सहकारिता पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
