देश में व्यापार और उद्यमिता को नई दिशा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) 2026 को हरिभाऊ बागड़े और भजनलाल शर्मा ने पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया है। यह आश्वासन जयपुर स्थित लोक भवन में कैट के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक के दौरान दिया गया।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चाँदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने हेतु आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के लिए राज्य सरकार के सहयोग का आग्रह किया। यह महोत्सव 12 से 15 अगस्त 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसे भारतीय उत्पादों की देश की सबसे बड़ी प्रदर्शनी के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल में कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश पटोदिया, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला, राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान प्रभारी मनोज गोयल, राजस्थान प्रदेश महामंत्री हेमंत प्रभाकर, प्रदेश सचिव अशोक माहेश्वरी तथा कैट कोटा जिला अध्यक्ष अनील मुन्दडा शामिल रहे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट किया कि राजस्थान आज देश के सबसे तेजी से उभरते निवेश, उद्योग और व्यापारिक राज्यों में शामिल है तथा राज्य सरकार इसे देश का सबसे बड़ा निवेश गंतव्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्योग, व्यापार, पर्यटन, खनिज, कृषि आधारित उद्योग, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स और निर्यात क्षेत्रों में व्यापक संभावनाओं का उल्लेख करते हुए देशभर के उद्यमियों और व्यापारियों से राजस्थान में निवेश का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में संसाधनों की प्रचुरता, उत्कृष्ट आधारभूत ढांचा, अनुकूल नीतियां और सुरक्षित निवेश वातावरण उपलब्ध है तथा सरकार त्वरित अनुमतियां और सरल प्रक्रियाओं के माध्यम से हरसंभव सहयोग देने के लिए संकल्पित है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 देश के व्यापार, उद्योग, निर्यात, नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध होगा और राजस्थान इसमें अपनी औद्योगिक क्षमता, निवेश अवसरों, हस्तशिल्प, पर्यटन और उद्यमिता मॉडल को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करेगा।

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कैट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देश की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने वाले प्रभावी मंच हैं। उन्होंने कहा कि इससे राज्यों को अपनी विशेषताओं, उत्पादों, निवेश संभावनाओं और उद्यमशीलता क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने राजस्थान को केवल संस्कृति और विरासत ही नहीं, बल्कि व्यापार, उद्योग, कृषि, नवाचार और आत्मनिर्भरता का उभरता हुआ केंद्र बताते हुए युवाओं और व्यापारियों से रोजगार सृजन और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ विजन के तहत कैट देशभर के व्यापारियों, उद्यमियों, एमएसएमई इकाइयों, महिला उद्यमियों और स्टार्टअप समुदाय को इस महोत्सव से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्वदेशी व्यापार, डिजिटल व्यापार, निर्यात संवर्धन और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति देगा तथा राजस्थान की सक्रिय भागीदारी इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मई माह के दूसरे सप्ताह में जयपुर में एक भव्य राष्ट्रीय उद्यमिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्यपाल और मुख्यमंत्री विशेष रूप से भाग लेकर उद्यमियों, व्यापारियों, स्टार्टअप्स और युवाओं को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। यह पहल राज्य और देश में व्यापारिक विकास, निवेश संवर्धन और उद्यमिता को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story