तवांग यात्रा में कोटा महानगर की रिकॉर्ड सहभागिता, 99 यात्री होंगे शामिल
चित्तौड़ प्रांत के कुल 118 यात्रियों का दल गुवाहाटी से कामाख्या दर्शन कर तवांग और बुमला पास तक जाएगा, जो राष्ट्रीय एकात्मता और सीमा सम्मान का प्रतीक है।

कोटा से 99 यात्रियों का दल भारत-तिब्बत सहयोग मंच की तवांग यात्रा के लिए हवाई मार्ग से रवाना हुआ।
भारत-तिब्बत सहयोग मंच की तवांग यात्रा में इस बार कोटा महानगर की रिकॉर्ड सहभागिता देखने को मिलेगी। चित्तौड़ प्रांत से कुल 118 यात्री इस राष्ट्रीय अभियान में शामिल होंगे, जिनमें अकेले कोटा महानगर के 99 यात्री हैं। कोटा से पहली बार इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों का दल तवांग यात्रा में भाग ले रहा है। प्रांत अध्यक्ष अरविन्द कौशल और जिला अध्यक्ष कुंजबिहारी गौतम के नेतृत्व में यात्री हवाई एवं रेल मार्ग से असम के गुवाहाटी पहुंच रहे हैं। यहां से 19 नवंबर को यात्रा का अगला चरण प्रारंभ होगा।
कोटा, 18 नवंबर। भारत-तिब्बत सहयोग मंच की ओर से आयोजित इस यात्रा में प्रांतीय मंत्री ओम मधुर, प्रांतीय कोषाध्यक्ष छूटटन लाल शर्मा, जिला उपाध्यक्ष डॉ. आरसी गौतम सहित मंच के कार्यकर्ता और देशभक्त नागरिक भी शामिल होंगे।
मंच के प्रांतीय महामंत्री अरविन्द सिसोदिया ने बताया कि तवांग यात्रा महज धार्मिक अथवा पर्यटन गतिविधि नहीं है, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकात्मता, सांस्कृतिक चेतना और सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रति सम्मान प्रकट करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है। इस यात्रा की शुरुआत वर्ष 2012 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार के मार्गदर्शन में हुई थी। तब से प्रतिवर्ष नवंबर माह में इसका आयोजन किया जा रहा है।
यात्रा की परंपरागत रूपरेखा के अनुसार गुवाहाटी स्थित मां कामाख्या मंदिर से यात्रा शुरू होकर अरुणाचल प्रदेश के तवांग और भारत-तिब्बत सीमा के निकट बुमला पास तक पहुंचती है।
प्रांत अध्यक्ष अरविन्द कौशल ने कहा कि तवांग और अरुणाचल प्रदेश भारत की राष्ट्रीय अस्मिता एवं संप्रभुता के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। चीन की ओर से अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों पर किए जाने वाले दावों के बीच यह यात्रा भारत की क्षेत्रीय अखंडता के प्रति दृढ़ संकल्प का संदेश देती है। अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है और यहां की संस्कृति एवं विरासत देश की राष्ट्रीय एकता से जुड़ी हुई है।
उन्होंने बताया कि भारत-तिब्बत सहयोग मंच तिब्बत की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत, तिब्बती समाज के अधिकारों, तिब्बत की आजादी तथा कैलाश मानसरोवर को चीन के नियंत्रण से मुक्त कराने जैसे विषयों पर भी जनजागरण करता है। तवांग यात्रा इन मुद्दों पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से जनचेतना विकसित करने का माध्यम है।
यह यात्रा भारत और तिब्बत के सदियों पुराने धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है। तवांग का प्रसिद्ध बौद्ध मठ एशिया के प्रमुख बौद्ध धार्मिक केंद्रों में शामिल है। वर्ष 1959 में तिब्बत से भारत आए बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा के ऐतिहासिक आगमन से भी इस क्षेत्र का विशेष महत्व जुड़ा हुआ है।
यात्रा के दौरान बोमडिला और दिरांग सहित विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए यात्रियों को पूर्वोत्तर भारत की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और सीमावर्ती क्षेत्रों के जनजीवन को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
इस दौरान वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कर वीर सैनिकों के बलिदान को भी नमन किया जाएगा। जसवंतगढ़ स्थित महावीर चक्र से सम्मानित राइफलमैन जसवंत सिंह रावत का स्मारक यात्रा का विशेष आकर्षण रहेगा। यहां यात्री वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात भारतीय सेना के जवानों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करेंगे।
अरविन्द सिसोदिया ने बताया कि चित्तौड़ प्रांत से कुल 118 यात्रियों की सहभागिता में कोटा महानगर के 99 यात्रियों का पहली बार शामिल होना विशेष उल्लेखनीय है। इतनी बड़ी भागीदारी राष्ट्रीय एकात्मता, सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक चेतना से जुड़े इस अभियान के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाती है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
