भारत-तिब्बत सहयोग मंच, कोटा जिला की बैठक तिलक हायर सेकेंडरी स्कूल, महावीर नगर विस्तार योजना में मुख्य अतिथि एवं प्रांतीय अध्यक्ष अरविंद कौशल तथा जिला अध्यक्ष कुंजबिहारी गौतम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में श्रावण मास के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों, कैलाश मानसरोवर मुक्ति संकल्प अभियान और तवांग यात्रा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में मंचस्थ प्रांतीय महामंत्री अरविंद सिसोदिया, प्रांतीय बौद्धिक प्रमुख जटाशंकर शर्मा, प्रांतीय महिला प्रमुख राजेश शर्मा एवं प्रांतीय कोषाध्यक्ष छुट्टनलाल शर्मा ने संबोधित किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री लोकेश गौतम ने किया।

बैठक में भारत-तिब्बत सहयोग मंच द्वारा श्रावण मास में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों, कैलाश मानसरोवर मुक्ति हेतु श्रावण संकल्प अभियान, कैलाश मानसरोवर मुक्ति यात्राओं के आयोजन सहित नवंबर माह में अरुणाचल प्रदेश की तिब्बत सीमा तक जाने वाली तवांग यात्रा के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। कोटा में कैलाश मानसरोवर मुक्ति संकल्प अभियान पूरे माह चलाने का निर्णय लिया गया।

प्रांतीय अध्यक्ष अरविंद कौशल ने कहा, “तिब्बत की चीन से आजादी भले ही आज असंभव लगती हो, किंतु आने वाले कालखंड में ऐसी परिस्थितियों का निर्माण होगा कि तिब्बत आजाद होकर रहेगा। इसी तरह भगवान शंकर का निवास स्थान कैलाश मानसरोवर भी चीन से मुक्त होकर हमें मिलेगा।”

प्रांतीय महामंत्री अरविंद सिसोदिया ने कहा, “मंच द्वारा प्रतिवर्ष नवंबर माह में गोहाटी से अरुणाचल प्रदेश-तिब्बत सीमा स्थित बौद्ध मठ तवांग तक ‘तवांग यात्रा’ आयोजित की जाती है। यह यात्रा राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण है, जो अरुणाचल प्रदेश से चीन को संदेश देती है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है।”

प्रांतीय बौद्धिक प्रमुख जटाशंकर शर्मा ने मंच की सांस्कृतिक एवं अंतरराष्ट्रीय कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि नई पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और धरोहरों से परिचित करवाना आवश्यक है।

जिला अध्यक्ष कुंजबिहारी गौतम ने मंच की जिला कार्यकारिणी का परिचय करवाया तथा श्रावण संकल्प अभियान एवं कैलाश मानसरोवर मुक्ति अभियानों को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अरुणाचल प्रदेश जाने वाली तवांग यात्रा का पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने राष्ट्रभक्ति को समर्पित इस यात्रा में शामिल होने के इच्छुक लोगों से शीघ्र पंजीयन करवाने का आह्वान किया।

बैठक में उपाध्यक्ष डॉ. आर.सी. गौतम, पंकज वात्स्य, महामंत्री नवल महावर एवं लोकेश गौतम, जिला मंत्री राजेंद्र शर्मा, ताराचंद गुप्ता, आशा भार्गव एवं हरिओम गौतम, प्रचार प्रमुख मनोज राजानी एवं अजय शर्मा, सोशल मीडिया प्रमुख गिरिराज गौतम एवं अरविंद जौहरी, कोषाध्यक्ष प्रकाश गुप्ता, प्रबुद्धजन प्रकोष्ठ संयोजक आर.के. शर्मा, प्रकृति संरक्षण प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश पोटर, कार्यकारिणी सदस्य राजेंद्र सिंह सोलंकी, मोहनलाल सेन, रवि शर्मा, नीता मकवाना, कमल दाधीच, नवनीत खंडेलवाल, मोहनलाल शर्मा, अंजु शर्मा, महेश गौतम, टीकम पंचोली एवं पुरुषोत्तम दाधीच सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में कैलाश मानसरोवर मुक्ति संकल्प अभियान, श्रावण संकल्प कार्यक्रम और आगामी तवांग यात्रा को लेकर मंच की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा पर चर्चा हुई। तवांग यात्रा के पंजीयन की शुरुआत के साथ मंच ने कार्यकर्ताओं और राष्ट्रभक्ति से जुड़े लोगों से इसमें भागीदारी का आह्वान किया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story