भारत को जानो प्रतियोगिता: महावीर और छीपाबड़ौद शाखाएं बनीं विजेता
राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत की विजेता टीमें 22 नवंबर को भीलवाड़ा में आयोजित क्षेत्र स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करेंगी।

तस्वीर में ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र के साथ विजेता छात्र और अतिथि मंच पर खड़े हैं।
कोटा, 5 अक्टूबर। भारत विकास परिषद्, राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत की प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता 2026-27 में 35 शाखाओं के 120 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। कनिष्ठ वर्ग में महावीर शाखा, कोटा और वरिष्ठ वर्ग में छीपाबड़ौद शाखा की टीम विजेता बनी। दोनों विजेता टीमें आगामी 22 नवंबर को भीलवाड़ा में होने वाली क्षेत्र स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता में राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रांतीय महासचिव पराग टोंग्या ने बताया कि प्रांत की 41 शाखाओं में से 35 शाखाओं ने कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में पंजीयन कराया। दोनों वर्गों की कुल 60 टीमों के 120 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर परिषद् बूंदी के सभापति भरत शर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी, विशिष्ट अतिथि एवं क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव कमल सुरेका, क्षेत्रीय पर्यवेक्षक रविशंकर मुंदड़ा तथा प्रांतीय अध्यक्ष सुनीता गोयल ‘जॉली’ ने किया।
प्रांतीय अध्यक्ष सुनीता गोयल ‘जौली’ ने कहा कि भारत को जानो प्रतियोगिता विद्यार्थियों को भारत के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता एवं राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता की विशेष उपलब्धि आधुनिक हाई-टेक तकनीक का प्रयोग रहा। सेमीफाइनल राउंड विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से संचालित किया गया, जबकि फाइनल के सभी राउंड PPT आधारित प्रणाली से आयोजित किए गए। स्कोरिंग व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी रही। नैनो सेकंड में परिणाम प्रदर्शित करने वाले हाई-टेक बजर के प्रयोग से प्रतियोगिता में रोमांच और प्रतिस्पर्धा भी बढ़ गई।
सेमीफाइनल के बाद कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग की 8-8 टीमों ने फाइनल राउंड में प्रवेश किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न चरणों में अपने ज्ञान, त्वरित उत्तर क्षमता एवं आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
प्रांतीय संयोजक संस्कार महावीर शर्मा ने बताया कि कनिष्ठ वर्ग में महावीर शाखा, कोटा की टीम के प्रियांश अरोड़ा एवं दक्षराज सिंह गाडिया ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। सुभाष शाखा, कोटा के जय राठौड़ एवं गौरव प्रजापति उपविजेता रहे।
वरिष्ठ वर्ग में छीपाबड़ौद शाखा के केशव मालव एवं शुभम नागर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महावीर शाखा, कोटा के आयुष बोहरा एवं अरीबा अंसारी उपविजेता रहे।
प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता दोनों टीमें आगामी 22 नवंबर को भीलवाड़ा में आयोजित क्षेत्र स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता में राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 120 विद्यार्थियों को प्रांत स्तरीय सहभागिता प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी, बैग, बोतल, तुलसी का पौधा एवं भारत को जानो पुस्तक प्रदान कर सम्मानित एवं उत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय उपाध्यक्ष सोनल गोयल एवं बूंदी शाखा कोषाध्यक्ष देवेंद्र राणावत ने किया। समापन अवसर पर प्रांतीय महासचिव पराग जैन टोंग्या ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव कमल सुरेका एवं मुख्य अतिथि भरत शर्मा ने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन करने तथा भारत की गौरवशाली संस्कृति एवं विरासत को जानने के लिए प्रेरित किया। शाखा सचिव मुकेश दाधीच ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
