भीलवाड़ा में आयोजित क्षेत्रीय भारत को जानो प्रतियोगिता-2026 में राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत की वरिष्ठ वर्ग टीम ने सात प्रांतों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ प्रांत ने पहली बार क्षेत्रीय स्तर पर वरिष्ठ वर्ग का खिताब अपने नाम किया। छीपाबड़ौद शाखा के सेवा भारती विद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों केशव मालव और शुभम नागर ने शानदार प्रदर्शन कर प्रांत का परचम लहराया। दोनों विद्यार्थियों का चयन अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

भारत विकास परिषद, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र (राजस्थान) के तत्वावधान में राजस्थान मध्य प्रांत के आतिथ्य और स्वामी विवेकानंद शाखा भीलवाड़ा के संयोजन में रविवार, 22 नवंबर 2026 को भीलवाड़ा के ब्रिटि इंटरनेशनल स्कूल में क्षेत्रीय भारत को जानो प्रतियोगिता-2026 आयोजित की गई। इसमें उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के सातों प्रांतों की चयनित टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले में राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत की वरिष्ठ वर्ग टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रांत के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब वरिष्ठ वर्ग की टीम क्षेत्रीय स्तर पर विजेता बनी है। इस उपलब्धि से पूरे प्रांत में हर्ष और गौरव का माहौल है।

प्रांतीय महासचिव पराग टोंग्या ने बताया कि राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत का प्रतिनिधित्व करने वाली छीपाबड़ौद शाखा के सेवा भारती विद्यालय की छात्र जोड़ी केशव मालव और शुभम नागर ने उत्कृष्ट तैयारी, तीक्ष्ण बुद्धि, सामान्य ज्ञान और आपसी समन्वय के दम पर विजेता ट्रॉफी हासिल की। इस जीत के साथ दोनों विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। अब वे आगामी 17 जनवरी 2027 को गया (बिहार) में आयोजित राष्ट्रीय भारत को जानो प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रांतीय अध्यक्ष सुनीता गोयल जौली ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत प्रांत के लिए मील का पत्थर है। इससे राष्ट्रीय मंच पर प्रांत की पहचान बनाने की दिशा में नई उपलब्धि हासिल हुई है। पहली बार क्षेत्रीय स्तर पर विजेता बनना केवल दो विद्यार्थियों की सफलता नहीं, बल्कि राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत के सामूहिक प्रयास, संगठन की सक्रियता, शाखाओं की मेहनत और संस्कार निर्माण के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब पूरी ऊर्जा राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी पर केंद्रित रहेगी। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, शिक्षकों और छीपाबड़ौद शाखा के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता की शुभकामनाएं दीं।

प्रांतीय संयोजक संस्कार महावीर शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के सातों प्रांतों की कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग की चयनित टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में भारत दर्शन, उदयमान भारत, नवनीत भारत, विज्ञान की उड़ान, ज्ञानतरंग, ज्ञान का महापंच, सूत्र समाधान और मास्टर स्ट्रोक रैपिड फायर सहित आठ चरणों में प्रश्न पूछे गए। आधुनिक तकनीक और बजर प्रणाली पर आधारित इस प्रतियोगिता में धर्म, संस्कृति, इतिहास, भूगोल, कला, समसामयिक घटनाओं, विज्ञान, खेलकूद और राष्ट्रीय उपलब्धियों से जुड़े प्रश्नों पर प्रतिभागियों के बीच रोचक मुकाबला हुआ।

राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत की ओर से वरिष्ठ और कनिष्ठ दोनों वर्गों की टीमों ने प्रतियोगिता में सहभागिता की। वरिष्ठ वर्ग में छीपाबड़ौद शाखा के सेवा भारती विद्यालय के केशव मालव और शुभम नागर ने प्रथम स्थान हासिल कर प्रांत को ऐतिहासिक गौरव दिलाया। वहीं, कनिष्ठ वर्ग में महावीर शाखा, कोटा के सिल्वर बेल्स स्कूल की टीम से दक्ष राज सिंह जादौन और प्रियांश अरोरा ने प्रांत का प्रतिनिधित्व किया। दोनों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

परिणाम घोषित करते हुए उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में संस्कारित और सकारात्मक युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना जागृत करती हैं।

कार्यक्रम में भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री मुकेश जैन, क्षेत्रीय अध्यक्ष राधेश्याम रंगा, क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल, संगम ग्रुप के वाइस चेयरमैन डॉ. एस.एन. मोदानी और राष्ट्रीय से संयोजक संस्कार मुकेश लाठी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस ऐतिहासिक सफलता के अवसर पर राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत की प्रांतीय अध्यक्ष सुनीता गोयल 'जौली', प्रांतीय संयोजक संपर्क महेंद्र नागर, बारां जिला समन्वयक धीरज बाठला और जिला सह-समन्वयक दीपक मेहता सहित प्रांतीय एवं जिला पदाधिकारी तथा अनेक राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। राजस्थान दक्षिण-पूर्व प्रांत की यह जीत अब राष्ट्रीय भारत को जानो प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने जा रहे केशव मालव और शुभम नागर के लिए अगली चुनौती का आधार बनेगी।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story