बयाना-ब्रह्मबाद मार्ग पर गंभीर नदी पुल के जॉइंट्स में गहरे गड्ढे, हादसों का खतरा
पुल की बदहाल स्थिति और गहरे गैप के कारण आए दिन वाहन हो रहे दुर्घटनाग्रस्त, टोल वसूली के बावजूद मरम्मत न होने से स्थानीय लोगों में रोष।

भरतपुर जिले के बयाना-ब्रह्मबाद सड़क मार्ग पर गंभीर नदी पुल के जॉइंट्स में बड़े गैप और गड्ढों के कारण चालकों को हो रही परेशानी।
बयाना-ब्रह्मबाद सड़क मार्ग पर गम्भीर नदी पुल के जॉइंटों में बने गहरे गैप और बड़े-बड़े गड्ढे अब हादसों की बड़ी वजह बनते जा रहे हैं। पुल और सड़क की बदहाल स्थिति से वाहन चालकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, लोग चोटिल हो रहे हैं और छोटे वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। सबसे अधिक दिक्कत टेम्पू, ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहनों को उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के अनुसार पुल के जॉइंटों के बीच बने गहरे गड्ढों में वाहन फंसकर कई बार पलट जाते हैं, जिससे जान का खतरा बना रहता है। यह सड़क मार्ग बयाना को धौलपुर, रुदावल, रूपवास, बाड़ी और बसेड़ी सहित कई प्रमुख शहरों से जोड़ता है। प्रतिदिन हजारों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क और पुल की मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।
लोगों ने आरोप लगाया कि गम्भीर नदी से करीब 300 मीटर दूरी पर राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (आरएसआरडीसी) द्वारा नियमित रूप से टोल टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क और पुल के जॉइंटों की मरम्मत की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। वाहन चालकों का कहना है कि पुल के जॉइंटों के बीच इतना बड़ा गैप बन चुका है कि वाहन गुजरते समय तेज झटके लगते हैं। इससे वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खराब सड़क का असर बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं पर भी पड़ रहा है। अस्पताल ले जाते समय टूटे जॉइंटों और गड्ढों से गुजरने पर वाहन बुरी तरह उछलते हैं, जिससे मरीजों को दर्द और गंभीर असुविधा झेलनी पड़ती है।
टेम्पू चालक गिरधारी सिंघाड़ा ने बताया कि खराब सड़क के कारण उनके टेम्पू में आए दिन खराबी आ रही है। कई बार वाहन असंतुलित होकर पलट जाते हैं। उन्होंने कहा कि रोजाना इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, लेकिन सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन और विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और पुल की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई है, लेकिन न तो पीडब्ल्यूडी विभाग और न ही आरएसआरडीसी द्वारा मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि टोल वसूली लगातार जारी है, लेकिन सड़क सुविधाओं के नाम पर वाहन चालकों को सिर्फ परेशानी मिल रही है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गम्भीर नदी पुल के जॉइंटों की मरम्मत नहीं कराई गई और गड्ढों को नहीं भरा गया तो आंदोलन किया जाएगा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हादसों को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से सड़क और पुल की मरम्मत कराई जाए।
वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जिम्मेदार विभागों की लापरवाही के कारण किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
