गुरुभक्ति में डूबेगा कोटा: बागेश्वर धाम सरकार के जन्मोत्सव पर चार दिन गूंजेंगे रामनाम, भजन और सेवा के स्वर
कोटा में बागेश्वर धाम सरकार के जन्मोत्सव पर 1 से 4 जुलाई तक चार दिवसीय धार्मिक आयोजन होंगे। श्रीरामायण पाठ, हवन, गौसेवा, वानर सेवा, पक्षी सेवा, पौधारोपण, रक्तदान शिविर, "एक शाम बागेश्वर सरकार के नाम" विशाल भजन संध्या तथा विशाल आम भंडारे के माध्यम से गुरुभक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति का संदेश दिया जाएगा।

तस्वीर में बागेश्वर धाम सरकार के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सिर पर लाल रंग का साफा बांधे हुए मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।
बागेश्वर धाम सरकार के जन्मोत्सव पर इस वर्ष कोटा में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का भव्य संगम देखने को मिलेगा। बागेश्वर धाम सरकार शिष्य मंडल, कोटा की ओर से 1 से 4 जुलाई तक चार दिवसीय धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इन आयोजनों में आध्यात्मिक अनुष्ठानों के साथ जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे।
शिष्य मंडल कोटा के अध्यक्ष अनुज शर्मा ने बताया कि पूज्य गुरुदेव बागेश्वर धाम सरकार का जन्मोत्सव बोरखेड़ा स्थित कंचन रिसोर्ट में भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। आयोजन का शुभारंभ 1 जुलाई को प्रातः 9 बजे जवाहर नगर स्थित कार्यालय में श्रीरामायण पाठ से होगा।
उन्होंने बताया कि 2 जुलाई को श्रीरामायण पाठ की पूर्णाहुति के बाद प्रातः 11 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया जाएगा। इसी दिन प्रातः 7 बजे गौसेवा, वानर सेवा, पक्षी सेवा तथा पौधारोपण के माध्यम से जीवों और प्रकृति की सेवा का संदेश दिया जाएगा।
धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला में 3 जुलाई को प्रातः 10 बजे कंचन रिसोर्ट, बोरखेड़ा में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसी दिन रात्रि 9 बजे "एक शाम बागेश्वर सरकार के नाम" विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा (चित्तौड़ वाले) अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भक्तिरस की अविरल धारा प्रवाहित करेंगे। भजन संध्या में बागेश्वर धाम के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
चार दिवसीय उत्सव का समापन 4 जुलाई को शाम 5 बजे विशाल आम भंडारे के साथ होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। शिष्य मंडल ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होकर गुरुभक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति के इस महापर्व का सहभागी बनने का आह्वान किया। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में रामायण पाठ, हवन, गौसेवा, रक्तदान, भजन संध्या, पौधारोपण और विशाल भंडारे के माध्यम से श्रद्धा, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश एक साथ प्रसारित होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
