कोटा में बागेश्वर धाम सरकार जन्मोत्सव का भव्य समापन, भजन संध्या में 'मेरे घर राम आए हैं' पर झूमे हजारों श्रद्धालु
कोटा के बोरखेड़ा स्थित कंचन रिसोर्ट में बागेश्वर धाम सरकार के जन्मोत्सव पर आयोजित चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव का भव्य समापन हुआ। 'एक शाम बागेश्वर सरकार के नाम' भजन संध्या में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए, जबकि खाटूश्याम बाबा की मनमोहक झांकी आकर्षण का केंद्र रही।

कोटा के कंचन रिसोर्ट में आयोजित भजन संध्या के दौरान गायक गोकुल शर्मा मंच पर प्रस्तुति देते हुए।
कोटा में बागेश्वर धाम सरकार के जन्मोत्सव पर आयोजित चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव का शनिवार को भक्ति, सेवा और श्रद्धा के वातावरण में समापन हुआ। बोरखेड़ा स्थित कंचन रिसोर्ट में आयोजित "एक शाम बागेश्वर सरकार के नाम" विशाल भजन संध्या में देर रात तक हजारों श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते रहे। प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा (चित्तौड़ वाले) की प्रस्तुतियों ने पूरे पंडाल को भक्तिमय माहौल में बदल दिया, जहां जयकारों और तालियों की गूंज लगातार सुनाई देती रही।
शिष्य मंडल कोटा के अध्यक्ष अनुज शर्मा ने बताया कि जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित चार दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत सेवा कार्यों से की गई। दो दिवसीय रामायण पाठ की पूर्णाहुति एवं हवन के बाद गौसेवा, वानर सेवा, पक्षी सेवा और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से जीवों और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद 3 जुलाई को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संकल्प निभाया।
भजन संध्या के दौरान गोकुल शर्मा ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने 'मेरे घर राम आए हैं...', 'तेरी जय हो बागेश्वर सरकार...', 'हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा...', 'श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम...' और 'राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी...' जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। प्रत्येक भजन पर श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर जयकारों के साथ नाचते-गाते नजर आए और देर रात तक पूरा पंडाल भक्ति के रंग में डूबा रहा।
कार्यक्रम के दौरान खाटूश्याम बाबा की आकर्षक एवं मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। रंग-बिरंगे पुष्पों, भव्य श्रृंगार, अलौकिक रोशनी और दिव्य सजावट से सुसज्जित बाबा श्याम के दरबार के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। झांकी के समक्ष श्रद्धालुओं ने माथा टेककर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा पंडाल "हारे का सहारा... बाबा श्याम हमारा" और "जय श्री बागेश्वर सरकार" के जयघोष से गूंजता रहा।
चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव का समापन 4 जुलाई को विशाल आम भंडारे के साथ हुआ। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाया। भक्ति, सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ यह महोत्सव श्रद्धालुओं की व्यापक भागीदारी का साक्षी बना।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
