अच्छे संस्कार और संयम ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी: कोटा में आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी ने विद्यार्थियों को दिया प्रेरक संदेश
कोटा के अकलंक पब्लिक स्कूल में आर्यिका 105 श्री स्वस्तिभूषण माताजी ने विद्यार्थियों को संस्कार, संयम, सदाचार और सकारात्मक जीवन का प्रेरक संदेश दिया।

तस्वीर में आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी कोटा के अकलंक पब्लिक स्कूल में मंच पर बैठकर माइक के समक्ष प्रवचन देती हुईं नजर आ रही हैं।
कोटा के बसंत विहार स्थित अकलंक पब्लिक स्कूल में सोमवार को भारत गौरव तीर्थ संवर्धिका, स्वस्तिधाम प्रणेत्री एवं परम विदुषी लेखिका गणिनी आर्यिका 105 श्री स्वस्तिभूषण माताजी (ससंघ) के सान्निध्य में आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी प्रवचन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ सकल दिगंबर जैन समाज के बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ऐश्वर्य जैन, सचिव अनिमेष जैन, कोषाध्यक्ष कपिल जैन तथा प्राचार्या डॉ. अर्चना जोशी ने आर्यिका श्री का पाद प्रक्षालन कर श्रद्धापूर्वक स्वागत एवं वंदन किया।
अपने प्रवचन में आर्यिका श्री स्वस्तिभूषण माताजी ने अकलंक एवं निकलंक मुनि महाराज के प्रेरणादायी जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में सुख, शांति और सफलता का आधार उत्तम संस्कार, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच है। उन्होंने कहा कि अच्छे संस्कार और संयम ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संयमित जीवन अपनाने, सदाचार का पालन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
आर्यिका श्री ने विद्यार्थियों को आत्महत्या जैसे नकारात्मक विचारों से दूर रहने, सभी प्रकार के व्यसनों का त्याग करने, चोरी न करने तथा मोबाइल पर अनुचित सामग्री से बचने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि चरित्र, अनुशासन और श्रेष्ठ विचार ही व्यक्ति को महान बनाते हैं।
आर्यिका श्री के प्रेरक उद्बोधन से विद्यार्थी और शिक्षक भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा सकल दिगंबर जैन समाज के श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रुचि जैन ने किया। आध्यात्मिक संदेश और जीवन मूल्यों पर आधारित यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बना।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
