कोटा में धर्म और आध्यात्मिक आयोजनों के बीच भारत गौरव गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी का विज्ञान नगर में भव्य मंगल प्रवेश हुआ। माताजी की अगवानी के लिए श्रद्धालुओं ने भव्य शोभायात्रा निकाली। मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए और श्रद्धालुओं ने भावपूर्वक पाद प्रक्षालन कर गुरु मां के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। शोभायात्रा विज्ञान नगर पहुंचने के बाद धर्मसभा में परिवर्तित हो गई।

धर्मसभा का शुभारंभ सुनीता ठौरा एवं सुलेखा हरसोरा द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। इसके बाद सकल दिगंबर जैन समाज कोटा के अध्यक्ष प्रकाश बज, महामंत्री पदम बडला, विनोद टोरड़ी, ताराचंद बडला, विज्ञान नगर समाज समिति के अध्यक्ष राजमल पाटौदी, महामंत्री अनिल ठौरा, कार्याध्यक्ष रितेश सेठी, पारसमल जैन, बाबूलाल जैन एवं देवेंद्र गंगवाल सहित समाज के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित किया। गुरु मां का पाद प्रक्षालन वीरेंद्र कुमार, चंद्रेश कुमार बड़जात्या एवं अरुण पांडे परिवार ने किया। वहीं, मनीष एवं रिचा गोयल को जिनवाणी भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी ने मनुष्य जीवन के महत्व और उसे सार्थक बनाने के लिए पुण्य कर्मों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 84 लाख योनियों में मनुष्य योनि सर्वश्रेष्ठ है। मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसे सार्थक बनाना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। कर्मों के उदय से हमें जो कुछ प्राप्त हुआ है, उसे पुण्य कार्यों में लगाकर सतत पुरुषार्थ करना चाहिए। इससे जीवन को श्रेष्ठ एवं सार्थक बनाया जा सकता है।

माताजी ने कहा कि पापकर्मों के उदय से जीवन में आने वाली परेशानियों का समाधान भगवान की भक्ति, आत्मशुद्धि और धर्म के मार्ग पर चलने से संभव है। उन्होंने जीवन में पुण्य कार्यों को प्राथमिकता देने और निरंतर पुरुषार्थ करते रहने का संदेश दिया।

कोटा में पहली बार 108 मंडलों से होगा सिद्धचक्र महामंडल विधान

गणिनी आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के मंगल सान्निध्य में विज्ञान नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर धर्मशाला में 16 से 21 नवंबर तक भव्य सिद्धचक्र महामंडल विधान का आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार, कोटा शहर के इतिहास में पहली बार 108 मंडलों के माध्यम से इस धार्मिक विधान का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर जैन समाज में उत्साह का वातावरण है। छह दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में धर्म और अध्यात्म से जुड़े कार्यक्रम होंगे।

माताजी के मंगल प्रवेश के अवसर पर विज्ञान नगर क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। सायंकाल आनंद यात्रा का आयोजन किया गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष राजमल पाटौदी ने बताया कि माताजी के प्रवचन प्रतिदिन प्रातः 8:40 बजे विज्ञान नगर में होंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन पी.के. हरसोरा ने किया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story