आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर धर्मसभा के दौरान एक महत्वपूर्ण धार्मिक घोषणा ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह भर दिया, जब परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्याभूषण सन्मति सागर जी महाराज की परम शिष्या एवं भारत गौरव गणिनी आर्यिका रत्न 105 गणिनी आर्यिका रत्न 105 श्री स्वस्ति भूषण माताजी ने वर्ष 2026 के आगामी चातुर्मास की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि उनका वर्षावास केशवरायपाटन स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में सम्पन्न होगा।

यह घोषणा कोटा के लैंडमार्क सिटी कुन्हाड़ी स्थित एलेन सम्यक बिल्डिंग में आयोजित भव्य धर्मसभा के दौरान की गई, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। घोषणा के साथ ही सभा स्थल “जयकारों” और भक्ति भाव से गूंज उठा।

रिद्धि-सिद्धि दिगम्बर जैन मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि इस अवसर पर समाजजनों ने अक्षत, चंदन, श्रीफल एवं जल अर्पित कर माताश्री से चातुर्मास करने की विनम्र प्रार्थना की। कार्यक्रम में स्वस्तिधाम जहाजपुर, केशवरायपाटन, देवली, विज्ञान नगर मंदिर, हिण्डौली, केकड़ी तथा पीयावाड़ी तीर्थ क्षेत्र टोंक सहित विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में वर्षावास कराने का निवेदन किया। श्रद्धालुओं ने जयघोषों के बीच कटआउट, तख्तियां और श्रीफल भेंट कर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए गणिनी आर्यिका रत्न श्री स्वस्ति भूषण माताजी ने कहा कि चातुर्मास आत्मचिंतन, संयम, स्वाध्याय और साधना का अत्यंत महत्वपूर्ण कालखंड होता है। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में एक स्थान पर स्थिर रहकर साधु-संत समाज को धर्म, अहिंसा, सदाचार और आत्मानुशासन का मार्ग दिखाते हैं तथा समाज को आध्यात्मिक उन्नति की दिशा प्रदान करते हैं।

समिति के कोषाध्यक्ष ताराचंद बड़ला ने बताया कि इस अवसर पर माताश्री को वस्त्र भेंट करने का सौभाग्य ईश्वर सोनी परिवार को प्राप्त हुआ, जबकि पाद प्रक्षालन का पुण्य लाभ प्रकाश महेरू परिवार को मिला। कार्यक्रम में 29 श्रद्धालुओं को शास्त्र भेंट करने का भी अवसर प्राप्त हुआ।

कार्याध्यक्ष जे.के. जैन ने जानकारी दी कि आगामी 5 जुलाई को अकलंक स्कूल, बसंत विहार में बाल एवं बालिका संस्कार शिविर का आयोजन किया जाएगा। वहीं धर्मसभा में लैंडमार्क सिटी, कुन्हाड़ी में ‘आस्था का अतिशय’ नामक लघु फिल्म के मंचन की भी घोषणा की गई।

कार्यक्रम का संचालन पारस कासलीवाल एवं संजय सांवला द्वारा किया गया। इस अवसर पर सकल जैन समाज के संरक्षक, अध्यक्ष, महामंत्री सहित अनेक पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। उपस्थित समाजजनों ने इस आयोजन को आत्मशुद्धि, संस्कार निर्माण और धर्म प्रभावना का सशक्त माध्यम बताते हुए इसे अत्यंत प्रेरणादायी बताया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story