कॉमनवेल्थ गेम्स ग्लासगो-2026 की बॉक्सिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश और कोटा का नाम रोशन करने वाली अरुंधति चौधरी का एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में सम्मान किया गया। जवाहर नगर स्थित एलन समुन्नत कैम्पस के समरस सभागार में आयोजित मोटिवेशनल सेशन में उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता, अनुशासन और निरंतरता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्रा. लि. के फाउंडर डॉ. नवीन माहेश्वरी, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर केशव माहेश्वरी सहित अन्य मेंटर्स और शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर अरुंधति चौधरी का साफा और उपर्णा पहनाकर अभिनंदन किया गया तथा उन्हें 2.50 लाख रुपये का चेक भेंट किया गया। कार्यक्रम के दौरान अरुंधति के कोच अशोक गौतम का भी सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में अरुंधति चौधरी ने कहा कि एलन आकर उन्हें अत्यंत सम्मान और खुशी का अनुभव हो रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग आठ वर्ष पहले वह अपनी बड़ी बहन चारू चौधरी को नीट की कोचिंग के लिए अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से एलन छोड़ने आया करती थीं। कार्यक्रम में उनकी बड़ी बहन चारू चौधरी, जो एमबीबीएस पूरा कर चुकी हैं, भी मौजूद रहीं।

अरुंधति ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में निरंतरता और अनुशासन के माध्यम से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उनका कहना था कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो अनुशासन स्वतः जीवन का हिस्सा बन जाता है। उन्होंने कहा कि वह कभी भी किसी परिस्थिति से नहीं घबराईं। कलाई खिसकने के ऑपरेशन, रीढ़ की समस्या, टखने में फ्रैक्चर और अन्य शारीरिक चुनौतियों का सामना करने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और विजेता बनकर उभरीं। उन्होंने कहा, “मैंने इतनी हार देख ली कि अब मैं जीतने के लिए जिद्दी हो गई हूं।”

मोटिवेशनल सेशन के दौरान अरुंधति ने विद्यार्थियों को अफर्मेशन यानी सकारात्मक वाक्य दोहराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि रोज शीशे के सामने खड़े होकर स्वयं से कहना चाहिए कि “आप एक चैंपियन हैं।” उनका कहना था कि यदि व्यक्ति पूरी तरह मोटिवेटेड हो तो उसके जीवन में डिमोटिवेशन के लिए कोई स्थान नहीं रहता। उन्होंने कहा कि जीवन में केवल “हाँ” या “ना” होता है, इनके बीच कुछ नहीं होता।

इस अवसर पर एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्रा. लि. के फाउंडर डॉ. नवीन माहेश्वरी ने कहा कि कोटा की बेटी ने केवल शहर ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने अरुंधति को ओलंपिक के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी कामना है कि कोटा की बेटी ओलंपिक में भी स्वर्ण पदक जीतकर दुनिया में अपनी चमक बिखेरे। इस दौरान उन्होंने अरुंधति की ओलंपिक तैयारी के समर्थन में ढोल भी बजाया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story