पटना। बिहार की सियासत में एक अहम संगठनात्मक फैसले के तहत मंत्री नितिन नबीन सिन्हा को भारतीय जनता पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। इस नियुक्ति को संगठन के लिए निर्णायक और दूरगामी प्रभाव वाला कदम माना जा रहा है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नितिन नबीन की जिम्मेदारी पार्टी संगठन को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगी।

छगन माहुर ने अपने बयान में स्मरण कराया कि वर्ष 2012 से 2014 के दौरान, जब वे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री थे, तब उन्होंने युवा मोर्चा के तत्कालीन राष्ट्रीय महामंत्री नितिन नबीन के साथ लंबे समय तक संगठनात्मक कार्य किया। उस अवधि में नितिन नबीन की कार्यशैली, अनुशासन और निर्णय क्षमता ने उन्हें एक सशक्त संगठनकर्ता के रूप में स्थापित किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने एक सामान्य परिवार से आने वाले निष्ठावान कार्यकर्ता पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कर नितिन नबीन ने संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए निरंतर अनुभव अर्जित किया और खुद को एक अनुशासित, स्पष्ट दृष्टि रखने वाले तथा तेज निर्णय लेने वाले नेता के रूप में पहचान दिलाई। बिहार भाजपा में संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका को लंबे समय से अहम माना जाता रहा है।

भाजपा युवा मोर्चा में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करने का उनका अनुभव उनकी संगठनात्मक पकड़ और साफ-सुथरी छवि को दर्शाता है, जिसे पार्टी की बड़ी ताकत माना जाता है। छगन माहुर ने नितिन नबीन की कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं और इस फैसले के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस नियुक्ति को बिहार भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में पार्टी को राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों स्तरों पर मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Next Story