कोटा, 22 जुलाई। प्रसूता मृत्यु की घटनाओं को लेकर प्रमुख शासन सचिव के हालिया बयानों के विरोध में एलएचवी/एएनएम संघ ऑफ राजस्थान, जिला कोटा ने मंगलवार को जिला कलेक्टर कोटा पीयूष समारिया को ज्ञापन सौंपकर बिना तथ्यात्मक जांच के एएनएम को जिम्मेदार ठहराए जाने पर आपत्ति दर्ज कराई। संघ ने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है और बिना जांच के इस प्रकार का दोषारोपण तत्काल बंद किया जाना चाहिए।

संघ की जिला अध्यक्ष मधुबाला राज बिहानिया ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में किसी भी घटना के बाद वर्षों से फील्ड में कार्यरत एएनएम को ही जिम्मेदार ठहराने की प्रवृत्ति रही है, जबकि एएनएम अनेक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रमों का संचालन करती हैं और सीमित संसाधनों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं।

उन्होंने बताया कि एएनएम टीकाकरण, महिला एवं पुरुष नसबंदी, परिवार कल्याण कार्यक्रम, मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया नियंत्रण, राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन, यू-बिन, पीटीएस ऑनलाइन रिपोर्टिंग, लाइन लिस्टिंग, विभिन्न मोबाइल एप्स पर डेटा एंट्री तथा सर्वे सहित अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का दायित्व निभाती हैं। उन्होंने कहा कि एएनएम प्रयोगशाला तकनीशियन या विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होतीं, इसलिए उनसे प्रसूताओं की गहन चिकित्सीय जांच की अपेक्षा करना उचित नहीं है।

संघ ने चेतावनी दी कि यदि बिना जांच एएनएम एवं एलएचवी पर दोषारोपण की प्रवृत्ति नहीं रुकी तो पूरे प्रदेश में संगठन धरना-प्रदर्शन एवं कार्य बहिष्कार जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी निर्मला कितावत, प्रदेश वरिष्ठ सदस्य कामना सक्सेना, कोटा जिला कार्यकारिणी सदस्य संतोष गुर्जर, रश्मि हाड़ा, संजुलता, रिंकू राठौड़, हेमलता सामरिया, समस्त ब्लॉक अध्यक्ष पूजा मोदी, आशा मिश्रा, राजेश कुमारी तथा कोटा जिला यूनियन की सभी बहनें ब्रजेश शर्मा, गायत्री, विद्या, संतोष शर्मा, नेहा, आयुषी, संतोष कुमारी, गीता सेन, शबीना, मीना और अंजु विजय उपस्थित रहीं। संघ के इस ज्ञापन के माध्यम से बिना तथ्यात्मक जांच के एएनएम एवं एलएचवी पर जिम्मेदारी तय किए जाने का विरोध दर्ज कराया गया और इस प्रवृत्ति को समाप्त करने की मांग दोहराई गई।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story