कोटा।

राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय (आरटीयू), कोटा एक बार फिर अपनी गौरवशाली परंपरा और वैश्विक पहचान को सशक्त करने जा रहा है। इंजीनियरिंग कॉलेज कोटा के वर्ष 1996 से 2000 तक के पी-बैच से पासआउट पूर्व छात्रों की स्मृतियों की सिल्वर जुबली के अवसर पर 26 दिसंबर को आरटीयू एलुमनाई मीट-2025 का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन न केवल पूर्व छात्रों के पुनर्मिलन का मंच बनेगा, बल्कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक विरासत और एलुमनाई की उपलब्धियों का जीवंत उत्सव भी होगा।

आरटीयू के सह जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक अवसर पर देश और विदेश में कार्यरत 160 से अधिक पूर्व छात्र अपने परिवारजनों सहित कोटा पहुंचेंगे। ये सभी एलुमनाई वर्तमान में भारत सहित विश्व के विभिन्न देशों में प्रतिष्ठित संस्थाओं, प्रशासनिक सेवाओं, इंजीनियरिंग, प्रबंधन और तकनीकी क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं। उनका एक मंच पर एकत्र होना विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।

कार्यक्रम के दौरान दिन के सत्र में कुलगुरु प्रो. निमित रंजन चौधरी के मुख्य आतिथ्य में शिक्षक सम्मान समारोह एवं परिचय सत्र का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के समस्त फैकल्टी सदस्यों को एलुमनाई आयोजन समिति की ओर से आमंत्रण भेजा गया है। सांध्यकालीन सत्र में आकर्षक बॉलीवुड नाइट का आयोजन होगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूर्व छात्र अपनी पुरानी यादों को ताज़ा करेंगे और छात्र जीवन की स्मृतियों को फिर से जीवंत करेंगे।

कुलगुरु प्रो. निमित चौधरी ने एलुमनाई मीट को विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि एलुमनाई हमारे मजबूत स्तम्भ हैं, जिनकी उपलब्धियों ने विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। एलुमनाई मीट का उद्देश्य पूर्व छात्रों और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच संवाद स्थापित करना, अनुभव साझा करना और करियर मार्गदर्शन प्रदान करना है। यह आयोजन अतीत की स्मृतियों, वर्तमान के अनुभवों और भविष्य की प्रेरणाओं का संगम है, जो आरटीयू की पहचान को और अधिक सशक्त बनाता है।

इस भव्य आयोजन में विशिष्ट अतिथियों के रूप में जयपुर के आईजी अजयपाल, गुरुग्राम मेट्रो के डायरेक्टर शैतान सांगवा, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में चीफ इंजीनियर भगवान सहाय, रेलवे में चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष शर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे अनेक विशिष्ट पूर्व छात्र सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रेरक सत्र, अनुभव साझा करने की गतिविधियां और नेटवर्किंग सेशन आयोजित किए जाएंगे, जिससे एलुमनाई और वर्तमान छात्रों के बीच सार्थक संवाद स्थापित हो सके।

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सभी पूर्व छात्रों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि आपसी संबंधों को और मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर एलुमनाई और वर्तमान विद्यार्थियों के बीच विशेष संवाद सत्र भी आयोजित होगा, जिसमें करियर मार्गदर्शन और व्यावहारिक अनुभव साझा किए जाएंगे।

इस आयोजन का संयोजन राजीव वाष्र्णेय, रितेश समदानी और ईसीके एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। आयोजन समिति और पी-बैच के तत्कालीन छात्रसंघ अध्यक्ष दिनेश शर्मा के नेतृत्व में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार यह एलुमनाई मीट न केवल पूर्व विद्यार्थियों के पुनर्मिलन का अवसर बनेगा, बल्कि आरटीयू की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा, वैश्विक पहचान और एलुमनाई की उपलब्धियों को भी एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story