IOAA 2026: एलन कोटा के तीन छात्रों का भारतीय टीम में चयन, वियतनाम जाएंगे
होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन द्वारा आयोजित चयन शिविर के बाद अर्नव सेहरावत, प्रांजल दीक्षित और हर्षिल पटेल अब इंटरनेशनल एस्ट्रोनोमी ओलम्पियाड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (HBCSE) द्वारा आयोजित चयन शिविर के बाद इंटरनेशनल एस्ट्रोनोमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स ओलम्पियाड (IOAA) 2026 के लिए चुनी गई भारतीय टीम के सदस्य। बाएं से दाएं: अर्नव सेहरावत, हर्षिल अमित कुमार पटेल और प्रांजल दीक्षित।
कोटा। शिक्षा नगरी कोटा के एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने एक बार फिर वैश्विक पटल पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। होमी भाभा सेंटर फाॅर साइंस एजुकेशन (एचबीसीएसई) द्वारा आयोजित 19वें इंटरनेशनल एस्ट्रोनोमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स ओलम्पियाड (आईओएए) 2026 के ओरियंटेशन एण्ड सलेक्शन कैम्प के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें एलन के तीन मेधावी छात्रों का चयन भारतीय टीम में हुआ है।
एलन कोटा के प्रसीडेंट विनोद कुमावत ने गौरवपूर्ण उपलब्धि साझा करते हुए बताया कि इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा के लिए आयोजित ओरियंटेशन कम सलेक्शन कैम्प में देशभर से कुल 51 विद्यार्थी शामिल हुए थे। कड़े परीक्षण के पश्चात अंतिम 5 सदस्यों वाली भारतीय टीम का चयन किया गया, जिसमें से 3 विद्यार्थी एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट से हैं। चयनित होने वाले विद्यार्थियों में एलन क्लासरूम कोर्स के अर्नव सेहरावत व प्रांजल दीक्षित और वर्कशाॅप से हर्षिल अमित कुमार पटेल शामिल हैं। ये सभी विद्यार्थी आगामी 25 सितम्बर से 5 अक्टूबर तक हनोई, वियतनाम में आयोजित होने वाले आईओएए के फाइनल राउंड में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए रवाना होंगे।
इस प्रतिष्ठित ओलम्पियाड की चयन प्रक्रिया अत्यंत कठिन और चार चरणों में संपन्न होती है। आईओएए-2026 के प्रथम चरण, नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन एस्ट्रोनोमी (एनएसईए) में एलन के शानदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां से 143 स्टूडेंट्स दूसरे चरण के लिए सफल रहे। द्वितीय चरण, इंडियन नेशनल एस्ट्रोनोमी ओलम्पियाड (आईएनएओ) के परिणामों में एलन के 23 विद्यार्थियों ने तीसरे चरण ओसीएससी के लिए अपनी जगह बनाई। तृतीय चरण, ओरियंटेशन कम सलेक्शन कैम्प (ओसीएससी) इन एस्ट्रोनोमी के दौरान विभिन्न लिखित एवं प्रायोगिक परीक्षाओं के कड़े मापदंडों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ 5 सदस्यीय भारतीय टीम चुनी गई। इस ऐतिहासिक सफलता ने न केवल संस्थान बल्कि समूचे देश को गौरवान्वित किया है, जहां एलन के छात्र अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वियतनाम में तिरंगा फहराने की तैयारी में जुट गए हैं।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
