कोटा। कोटा के एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक पटल पर अपनी श्रेष्ठता का परचम लहराया है। एलन ग्लोबल स्टडी डिवीजन (एजीएसडी) के मेंटोर अमन माहेश्वरी ने हर्ष व्यक्त करते हुए जानकारी साझा की है कि विश्व की शीर्ष वरीयता प्राप्त यूनिवर्सिटी, मैसाच्युसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी), यूएस में संस्थान के दो होनहार छात्रों, कनिष्क जैन और रूद्र पेठानी का चयन हुआ है। इस गौरवशाली उपलब्धि के साथ ही पिछले 9 वर्षों के अंतराल में एलन ग्लोबल से एमआईटी पहुंचने वाले कुल विद्यार्थियों की संख्या अब 18 हो गई है।

एलन ग्लोबल ने न केवल एमआईटी, बल्कि प्रतिवर्ष दुनिया के शीर्ष 100 विश्वविद्यालयों में अपने विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित किया है। अमन माहेश्वरी के अनुसार, पिछले 9 वर्षों के सफल सफर में एलन ग्लोबल के छात्रों ने विभिन्न वैश्विक रैंकिंग वाली यूनिवर्सिटीज से 2600 एडमिशन ऑफर्स और कुल 34 मिलियन डॉलर की छात्रवृत्ति प्राप्त करने में सफलता हासिल की है।

वैश्विक स्तर पर अंडरग्रेजुएशन प्रोग्राम में प्रवेश हेतु अनिवार्य स्कॉलस्टिक एसेसमेंट टेस्ट (सेट) में भी इन छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। 1600 अंकों के इस टेस्ट में कनिष्क जैन ने 1570 और रूद्र पेठानी ने 1560 का असाधारण स्कोर प्राप्त किया। भौतिक विज्ञान में गहरी रुचि रखने वाले कनिष्क जैन को एमआईटी के अतिरिक्त यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड और यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो से भी प्रवेश के प्रस्ताव मिले हैं। विशेष रूप से, यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो ने कनिष्क को 1 लाख कैनेडियन डॉलर की छात्रवृत्ति प्रदान की है। कनिष्क की शैक्षणिक पृष्ठभूमि अत्यंत प्रभावशाली रही है, जिसमें उन्होंने इंटरनेशनल फिजिक्स ओलंपियाड 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा को सिद्ध किया था।

दूसरी ओर, रूद्र पेठानी ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। रूद्र ने इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड में स्वर्ण पदक के साथ विश्व में 10वीं रैंक हासिल की थी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने इंटरनेशनल अर्थ साइंस ओलंपियाड में भी स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान और देश को गौरवान्वित किया है। एलन के इन विद्यार्थियों की सफलता वैश्विक शिक्षा के क्षेत्र में कोटा के बढ़ते प्रभाव और एलन ग्लोबल के उत्कृष्ट मार्गदर्शन को रेखांकित करती है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story