इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड के लिए एलन के सौमिल मैती का भारतीय टीम में चयन
कोटा के एलन करियर इंस्टीट्यूट के छात्र सौमिल मैती लिथुआनिया में होने वाले 37वें इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कोटा। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड के विद्यार्थियों ने वैश्विक मंच पर एक बार फिर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता का परचम लहराया है। होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (एचबीसीएसई) द्वारा आयोजित 37वें इंटरनेशनल बाॅयोलाॅजी ओलंपियाड (आईबीओ) के ओरियंटेशन कम सलेक्शन कैम्प (ओसीएससी) के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट कोटा के क्लासरूम स्टूडेंट सौमिल मैती का चयन प्रतिष्ठित भारतीय टीम में हुआ है। सौमिल अब 12 जुलाई से 19 जुलाई 2026 तक लिथुआनिया के विलनियस में आयोजित होने वाले 37वें इंटरनेशनल बाॅयोलाॅजी ओलंपियाड में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस उपलब्धि पर एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट कोटा के प्रेसिडेंट विनोद कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सफलता चार चरणों में आयोजित अत्यंत कठिन चयन प्रक्रिया के उपरांत मिली है। इस आईबीओ यात्रा के पहले चरण, नेशनल स्टैंडर्ड एग्जामिनेशन इन बायोलॉजी (एनएसईबी) के बाद एलन के 73 विद्यार्थियों ने दूसरे चरण यानी इंटरनेशनल बायोलॉजी ओलंपियाड (आईएनबीओ) में जगह बनाई थी। इस दूसरे चरण की प्रतिस्पर्धा के बाद एलन के कुल 16 विद्यार्थियों का चयन तीसरे चरण यानी ओसीएससी के लिए हुआ। ओसीएससी में प्रदर्शित उत्कृष्ट शैक्षणिक दक्षता और योग्यता के आधार पर अंततः देश के शीर्ष चार विद्यार्थियों को 37वें आईबीओ के लिए चुना गया है, जिनमें एलन का क्लासरूम स्टूडेंट सौमिल मैती शामिल है। आईबीओ एक ऐसी प्रतिष्ठित वैश्विक प्रतियोगिता है, जिसमें विभिन्न देशों के प्रतिभागी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने जीवविज्ञान ज्ञान और कौशल का प्रदर्शन करते हैं। सौमिल मैती का इस टीम में चयन न केवल एलन परिवार के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह कोटा की कोचिंग प्रणाली की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती धमक को भी सिद्ध करता है।

