कोटा। देश की कोचिंग राजधानी कोटा से शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर सामाजिक सरोकार और अवसर की समानता का सशक्त संदेश सामने आया है। एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास और एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘एलन शिक्षा संबल अभियान’ के अंतर्गत सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए नीट-यूजी की निःशुल्क कोचिंग के तीसरे सत्र की प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार से प्रारंभ हो गई। यह शुरुआत एलन परिवार के पितृ पुरुष लक्ष्मीनारायण माहेश्वरी की पुण्यतिथि के अवसर पर की गई, जिसे शिक्षा के प्रति उनके जीवन मूल्यों को समर्पित एक सार्थक पहल माना जा रहा है।

कोटा स्थित संकल्प कैम्पस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एलन के निदेशक डॉ. गोविन्द माहेश्वरी, राजेश माहेश्वरी, नवीन माहेश्वरी एवं डॉ. बृजेश माहेश्वरी ने वीडियो बटन दबाकर योजना की औपचारिक शुरुआत की तथा पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर बताया गया कि इच्छुक विद्यार्थी एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास की आधिकारिक वेबसाइट https://lnmpnyas.org/

के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

इस अभियान के तहत उत्तर भारत के हिंदी भाषी राज्यों के सरकारी स्कूलों से चयनित 126 विद्यार्थियों को मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी की एक वर्ष की संपूर्ण निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों में 81 छात्राएं और 45 छात्र शामिल हैं। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट की ओर से इन विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप के साथ कोटा में नीट-यूजी की कोचिंग दी जा रही है, जबकि एलएन माहेश्वरी परमार्थ न्यास द्वारा विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

एलन के निदेशक नवीन माहेश्वरी ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय एलएन माहेश्वरी शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम मानते थे और विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उन्हीं संस्कारों और विचारों को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा संबल अभियान की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य आर्थिक सीमाओं के कारण पीछे रह जाने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उजास पहुंचाना है।

यह योजना विशेष रूप से राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और उत्तराखंड जैसे मध्य एवं उत्तर भारत के राज्यों के हिंदी माध्यम के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही है। विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा में उनके प्रदर्शन की वरीयता के आधार पर किया जाता है। चयनित विद्यार्थियों को कोटा के बारां रोड स्थित नया नोहरा क्षेत्र के सुपथ कैम्पस में निःशुल्क कोचिंग दी जाती है, जबकि पास के हॉस्टलों में उनके रहने और भोजन की व्यवस्था न्यास द्वारा की जाती है।

योजना की उपलब्धियां इसकी प्रभावशीलता को प्रमाणित करती हैं। पहले वर्ष में इस अभियान से जुड़े 105 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा दी, जिनमें से 103 ने परीक्षा क्वालीफाई की और दो विद्यार्थी वर्तमान में राजकीय मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत हैं। दूसरे सत्र के विद्यार्थी नीट-2026 की परीक्षा में शामिल होंगे। शिक्षा संबल अभियान आज न केवल सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए मेडिकल शिक्षा का सेतु बन रहा है, बल्कि यह भी साबित कर रहा है कि सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर प्रतिभा किसी भी पृष्ठभूमि की मोहताज नहीं होती।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story