कोटा विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय गतका (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता 2025-26 के मैदान में गुरु काशी विश्वविद्यालय का जबरदस्त डंका बजा है। भारतीय विश्वविद्यालय संघ एवं खेल तथा युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय स्पर्धा में शनिवार को देर रात तक चले रोमांचक मुकाबलों में गुरु काशी विश्वविद्यालय ने पुरुष वर्ग की दोनों टीम स्पर्धाओं में अपना दबदबा कायम रखते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। कुलगुरु प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत के मार्गदर्शन में संचालित इस महाकुंभ के शनिवार सत्र में रात्रि 11:30 बजे तक कुल 83 मुकाबले संपन्न हुए, जिसमें देशभर से जुटे खिलाड़ियों का अद्वितीय कौशल देखने को मिला।

आयोजन सचिव डॉ. विजय सिंह ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 36 विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया है, जिनमें कुल नौ श्रेणियों के लिए 362 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। ग्राउंड नंबर दो पर आयोजित 'फुल स्ट्राइक फर्री सोटी' टीम स्पर्धा में गुरु काशी विश्वविद्यालय के अर्शदीप सिंह, दिलशान शर्मा, मनदीप सिंह और रवि सिंह की चौकड़ी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इस स्पर्धा में श्री गुरुग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी ने रजत पदक जीता, जबकि देश भगत विश्वविद्यालय एवं अपेक्स विश्वविद्यालय को संयुक्त रूप से कांस्य पदक प्रदान किया गया। इसी प्रकार ग्राउंड नंबर एक पर आयोजित 'हाफ स्ट्राइक सिंगल सोटी' टीम स्पर्धा में भी गुरु काशी के मनवीर सिंह, नवजोत सिंह, रवि सिंह और तेजपार्टप सिंह ने स्वर्णिम सफलता प्राप्त की। इस श्रेणी में गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय को रजत तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावटी विश्वविद्यालय व डॉ. प्रीति ग्लोबल विश्वविद्यालय को संयुक्त रूप से कांस्य पदक से नवाजा गया।

राष्ट्रीय गौरव के इस आयोजन का भव्य समापन रविवार दोपहर 3 बजे मेजर ध्यानचंद खेल संकुल में संपन्न होगा। समापन समारोह में कृषि विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. विमला डुकवाल एवं जिला कलेक्टर पीयूष समारिया विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। इससे पूर्व रविवार प्रातः 8:30 बजे से व्यक्तिगत स्पर्धाओं के शेष महत्वपूर्ण मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। कोटा विश्वविद्यालय के प्रांगण में हो रहा यह आयोजन न केवल गतका की पारंपरिक युद्ध कला को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवाओं के बीच खेल भावना और सांस्कृतिक समन्वय को भी सुदृढ़ कर रहा है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story