अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 30 एवं 31 मई को इंदौर (मध्यप्रदेश) में आयोजित होगी। बैठक अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय चेयरमेन प्रदीप मित्तल के सानिध्य एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल की अध्यक्षता में संपन्न होगी। बैठक में देशभर से राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे।

प्रदेश महामंत्री राजेश मित्तल, राष्ट्रीय मंत्री पवन अग्रवाल एवं प्रदेश अध्यक्ष श्रीकांत मुरारका ने बताया कि राष्ट्रीय बैठक में पूर्वी राजस्थान के विभिन्न जिलों से प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। इनमें कोटा से 7, बूंदी से 6, अजमेर से 6, बारां से 3, झालावाड़ से 2, गंगापुर सिटी से 4, भरतपुर से 4, श्रीगंगानगर से 4, अलवर से 2, सीकर से 3, कुचामन से 2 तथा झुंझुनूं से 5 प्रतिनिधि शामिल होंगे। अन्य जिलों से भी समाज के प्रतिनिधि बैठक में भाग लेंगे।

बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री द्वारा कार्यवाही रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी तथा सदन द्वारा उसकी पुष्टि की जाएगी। अग्रवाल समाज की राजनीतिक सहभागिता बढ़ाने के लिए कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी। प्रदेश इकाइयों को दिए गए 11 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा एवं प्रगति रिपोर्ट भी बैठक का प्रमुख हिस्सा रहेगी। राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न समितियों के संयोजकों की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी तथा राष्ट्रीय पदाधिकारियों को विभिन्न प्रदेशों का प्रभार सौंपने पर निर्णय होगा।

बैठक में उन प्रदेशों में संगठनात्मक इकाइयों के गठन की कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जहां अभी इकाइयाँ गठित नहीं हुई हैं। सदस्यता अभियान को डिजिटल एवं संरचित स्वरूप देने, महिला, युवा एवं प्रोफेशनल विंग को सक्रिय बनाने तथा संगठन की गतिविधियों को तकनीकी आधार प्रदान करने पर विशेष फोकस रहेगा। एबीएएस वेबसाइट निर्माण, प्रभारी नियुक्ति, उद्योग, रोजगार, मेट्रिमोनियल, बिजनेस नेटवर्किंग एवं प्रोफेशनल डायरेक्टरी जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी। इसके साथ ही संगठन के मोबाइल ऐप निर्माण प्रस्ताव और राष्ट्रीय डिजिटल अग्रवाल डाटा बैंक तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका ने बताया कि बैठक में विभिन्न समाजोपयोगी विषयों पर मंथन एवं समीक्षा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। समाज की राजनीतिक भागीदारी को लेकर भी व्यापक चिंतन होगा, ताकि आने वाले समय में समाज के अधिक से अधिक लोग राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा सकें। बैठक में राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न समितियों के संयोजकों की नियुक्ति भी की जाएगी, जिससे संगठन की राष्ट्रीय विचारधारा को पूरे देश में प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story