शिक्षा नगरी कोटा के पुण्योदय अतिशय क्षेत्र नसिया जी दादाबाड़ी में आज अक्षय तृतीया (आखा तीज) का पावन पर्व अपार श्रद्धा, भक्ति और अटूट आस्था के साथ 'दान दिवस' के रूप में संपन्न हुआ। दिगंबर जैन समाज के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखने वाले इस दिवस पर प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ (ऋषभदेव) की स्मृति को जीवंत किया गया, जिन्होंने 13 माह और 13 दिन के कठिन तप के उपरांत हस्तिनापुर के राजा श्रेयांस के हाथों गन्ने के रस (इक्षु रस) से अपना पारणा किया था। इसी गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए आज नसिया जी क्षेत्र भक्तिमय जयकारों से गुंजायमान रहा।

अध्यक्ष जम्बू जैन सर्राफ ने आयोजन की गरिमा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रातः काल से ही मंदिर परिसर में हजारों श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो गया था। भक्तों ने 'बड़े बाबा' के समक्ष नतमस्तक होकर पूजन-अर्चन किया और धर्म लाभ प्राप्त किया। धार्मिक क्रियाओं के क्रम में विभिन्न श्रावक परिवारों द्वारा भगवान की मूलनायक प्रतिमा एवं मुख्य पांडु शिला पर विधि-विधान से शांति धारा संपन्न की गई। विशेष रूप से जिनेंद्र जी-सौरभ जी सबदरा परिवार एवं श्रीमती अर्चना जी-निखिल जी परिवार द्वारा पुत्र रत्न प्राप्ति की प्रसन्नता में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इनके साथ ही ऋषभ जी-चांद देवी जी मोहीवाल, जम्बू जी-अर्चना जी दुगेरिया सर्राफ, अरविंद जी विज्ञान, पवन जी, नमन जी खटोड़, राजेंद्र जी, हुकुम जी काका, प्रकाश जी हरसोरा, सुशीला जी-विवेक जी ठोरा परिवार और श्रीमती प्रतीक्षा जी बगीदोरा सहित कई श्रेष्ठियों ने शांति धारा कर पुण्य संचय किया।

महोत्सव के केंद्र बिंदु 'इक्षु रस वितरण' की जानकारी देते हुए महेंद्र कासलीवाल ने बताया कि लगभग 5000 श्रद्धालुओं ने गन्ने के रस का पान कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। तीन मशीनों के माध्यम से निरंतर प्रवाहित हो रही इक्षु रस की धारा का श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया। उपाध्यक्ष सुमित सेंकी के अनुसार, इस भव्य आयोजन की सफलता में राजेंद्र जी, हुकुम जी काका, प्रकाश जी जैन हरसोरा, श्रीमती सुशीला-विवेक जी ठोरा, महावीर जी, अर्चना चंवरिया, धनराज जी, आशा जी, गर्वित जी जेठानिवाल, लाड़ देवी जैन, अशोक जी जैन, कमलेश जैन (कोटिया), चक्रेश-अंजू कोटिया, दिव्यांश जैन, मुस्कान जैन दुगेरिया सर्राफ और 'ROOM 2 GROW' जैसे दानदाताओं का विशेष सहयोग रहा।

सेवा और जीव दया के संकल्प को दोहराते हुए उपाध्यक्ष धर्मचंद धनोप्या ने बताया कि वर्धमान जैन सोशल ग्रुप द्वारा गौशाला में गायों को गुड़, खल एवं हरा चारा अर्पित कर दान दिवस की सार्थकता सिद्ध की गई। इस पुनीत कार्य में अनिल जी सुरलाया, नवीन जी सेठिया, निर्मल जी सेठिया, अरविंद जी पेकाड़ और सीमा जी बगड़िया सहित अनेक पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं, भक्ति के रंग को और गहरा करते हुए श्रीमती अर्चना (रानी) दुगेरिया सर्राफ के नेतृत्व में जैन सोशल ग्रुप संगिनी चंबल सिटी द्वारा भव्य महाआरती की गई। इस महाआरती में रेनू लुहाड़िया, मंजू अजमेरा, माधुरी जैन, संगीता ब्रजेन्द्र जैन, फूल कंवर जैन और दीपिका जैन सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने सम्मिलित होकर वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। अक्षय तृतीया पर आयोजित इस त्रिवेणी संगम ने समूचे कोटा शहर को धर्म और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है।




Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story