अखिल ब्राह्मण महासभा कोटा में होली स्नेह मिलन, भजन और फूलों की होली
कोटा के विज्ञान नगर स्थित महासभा भवन में आयोजित समारोह में विधायक संदीप शर्मा मुख्य अतिथि रहे, भजन-संगीत और फूलों की होली के साथ समाजजन शामिल हुए।

कोटा। विज्ञान नगर स्थित अखिल ब्राह्मण महासभा भवन में शुक्रवार को अखिल ब्राह्मण महासभा द्वारा होली स्नेह मिलन समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। समारोह में भजन मंडली ने भक्तिमय भजनों की सुंदर प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को सरस बना दिया, जिस पर उपस्थित समाजजनों ने आनंदपूर्वक सहभागिता निभाई।
महामंत्री नन्दकिशोर शर्मा ने बताया कि समारोह में समाज के सदस्यों ने आपसी स्नेह और सौहार्द के साथ होली पर्व का उल्लास साझा किया। महिला मंडल अध्यक्ष एडवोकेट कल्पना शर्मा ने बताया कि महिला मंडल की ओर से फूलों की होली खेली गई तथा महिलाओं और पुरुषों ने भजनों पर नृत्य कर समारोह को उत्सवी रंग प्रदान किया।
संभागीय अध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक संदीप शर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम की पूर्व महापौर सुमन श्रृंगी एवं समाजसेवी गीता शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष लहरी शंकर गौतम ने की।
मुख्य अतिथि संदीप शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का पर्व है। ऐसे स्नेह मिलन समारोह समाज को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ प्रेमपूर्वक रहने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदैव देशवासियों को शिक्षित और दीक्षित करने की जिम्मेदारी निभाई है तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण और राष्ट्रवाद के प्रसार में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज को राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य में मार्गदर्शक भूमिका निभानी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि सुमन श्रृंगी ने कहा कि होली का त्योहार सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि अखिल ब्राह्मण महासभा कोटा में ब्राह्मण समाज की अग्रणी संस्था है, जो पूरे समाज को संगठित करने की क्षमता रखती है।
संस्था अध्यक्ष लहरी शंकर गौतम ने अपने उद्बोधन में कहा कि कोटा में ब्राह्मण समाज के पास यह एकमात्र छोटा सा भवन है, जिसका उपयोग सामाजिक गतिविधियों के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने ऐसे समाजोपयोगी भवनों पर भी यूडी टैक्स लगाया था, जिसे वर्तमान सरकार ने हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक इसे समाप्त नहीं किया गया है। उन्होंने यूडी टैक्स को शीघ्र समाप्त करने की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय शर्मा ने किया। उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सब मिलकर ब्राह्मण समाज को उन्नति के शिखर तक पहुँचा सकते हैं।
समारोह में एडवोकेट मदन मोहन शर्मा, गोपाल शर्मा, नरेश पालीवाल, वैद्य रघुनंदन शर्मा, प्रमोद पालीवाल, अंबिका शर्मा, माया शर्मा, राजेन्द्र मोहन गौतम, रमेश शर्मा, राजीव पाण्डेय, मनोज शर्मा, सूरज लता शर्मा, डॉ. सुशीला जोशी, उर्मिला गौतम, रेखा पालीवाल, गीता शर्मा, मीना दाधीच, बबीता भार्गव, सावित्री गौतम, यामिनी कंटू, ज्योति पाण्डेय, संगीता शर्मा सहित अनेक समाजजनों ने सहयोग एवं सहभागिता निभाई। यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और सामुदायिक समरसता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
