कोटा। सामाजिक सरोकारों और सेवा की प्रतिमूर्ति बनते हुए आध्या सेवार्थ फाउण्डेशन के तत्वावधान में प्रथम सनाढ्य आदिगौड़ सामूहिक निःशुल्क कन्या विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन आगामी 30 अप्रैल एवं 1 मई को किया जाएगा। कोटा की धरा पर पहली बार यह ऐतिहासिक महोत्सव दो दिवसीय स्वरूप में आयोजित हो रहा है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के लिए एक बड़ा संबल बनकर उभरा है। इस महोत्सव का मुख्य ध्येय जरूरतमंद कन्याओं का पूर्णतः निःशुल्क विवाह संपन्न कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में गरिमामय स्थान दिलाना है।

मुख्य संयोजक लोकेश शर्मा ने आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि इस दो दिवसीय महाकुंभ में विवाह की समस्त रस्में पारंपरिक विधि-विधान और पूर्ण शास्त्रोक्त पद्धति से संपन्न की जाएंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सामूहिक विवाह न केवल फिजूलखर्ची पर लगाम लगाते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता के सूत्र को भी सुदृढ़ करते हैं। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि गणेश पूजन से लेकर विदाई तक की प्रत्येक रस्म को घर जैसे आत्मीय वातावरण में पिरोया गया है, ताकि नवयुगलों और उनके परिजनों को अपनेपन का अनुभव हो सके। शर्मा ने जानकारी दी कि इस सम्मेलन में कुल 11 जोड़ों का विवाह संपन्न होना निर्धारित है, जिनमें से 9 जोड़ों का पंजीकरण पहले ही पूर्ण किया जा चुका है।

सोसायटी की अध्यक्ष शालू शर्मा ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा नववधुओं के सुखी दांपत्य की नींव रखने हेतु उपहार स्वरूप सोने की लोंग, चांदी की पाजेब, बिछिया, चांदी की अंगूठी और टोप्स जैसे आभूषण प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही, गृहस्थी बसाने के लिए आवश्यक समस्त साजो-सामान जैसे अलमारी, पंखा, टीवी, ड्रेसिंग टेबल, गद्दा-तकिया, बेडशीट, सूटकेस, दीवार घड़ी, सेंटर टेबल, कुर्सी, डिनर सेट, गैस चूल्हा और संपूर्ण किचन सामग्री भेंट की जाएगी। दूल्हे के लिए कोट-पैंट और दुल्हन के लिए पारंपरिक बेस व चूड़ा भी समिति द्वारा ही उपलब्ध कराया जाएगा।

विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कोषाध्यक्ष प्रियांशु शर्मा ने बताया कि उत्सव का शुभारंभ 30 अप्रैल को प्रातः 8 बजे गणेश पूजन से होगा, जिसके पश्चात 11 बजे हल्दी-मेहंदी की रस्म और सायं 5 बजे सांस्कृतिक संगीत कार्यक्रम की प्रस्तुति होगी। अगले दिन 1 मई को प्रातः 8 बजे भव्य निकासी निकाली जाएगी, 10 बजे तोरण की रस्म होगी और 11 बजे आशीर्वाद समारोह आयोजित किया जाएगा। तदुपरांत दोपहर 1 बजे पाणिग्रहण संस्कार के पवित्र मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न होगा और अपराह्न 3 बजे नववधुओं की भावभीनी विदाई की जाएगी।

मीडिया प्रभारी के.के. शर्मा ‘कमल’ ने बताया कि आयोजन की सफलता के लिए विधिवत कार्ड विमोचन संपन्न हो चुका है। इस गरिमामय अवसर पर ओमप्रकाश टंकारिया, रामस्वरूप शर्मा, प्रेम शास्त्री, मनीष तिवारी, भीष्म कुमार शर्मा, गजेन्द्र जोशी, प्रमोद शर्मा, महावीर पंचोली विजय, भारद्वाज रघुवर दयाल शर्मा, जितेंद्र शर्मा, सतीश शर्मा, गजेंद्र जोशी, प्रियांशु शर्मा और महावीर पंचोली सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक अनुकरणीय पहल बताया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story