कोटा। श्री श्याम कन्या विवाह समिति की ओर से 13 और 14 दिसंबर को रामपुरा बाजार में दो दिवसीय भव्य श्री श्याम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शनिवार को इस महोत्सव का पोस्टर विमोचन किया गया, जिसमें आगामी कार्यक्रम की झलक साझा की गई। महोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में 14 दिसंबर को पांच कन्याओं का कन्यादान भी किया जाएगा, जो सर्वजातीय एवं निशुल्क होगा।

कार्यक्रम संयोजक पं. अभिषेक शर्मा ने बताया कि 13 दिसंबर को प्रातः 11 बजे श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा आरंभ होगी। यह यात्रा टीलेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर फर्नीचर मार्केट, मल्टीपरपज स्कूल, सूरजपोल गेट, कैथूनीपोल थाना, गंदीजी की पुल, पुरानी सब्जीमंडी और अग्रसेन बाजार होते हुए रामपुरा मुख्य बाजार पर संपन्न होगी। यात्रा के दौरान डीजे और बग्घियों का आकर्षक प्रदर्शन किया जाएगा। खाटू श्याम बाबा की भव्य झांकी दिल्ली के कलाकारों द्वारा फूलों से श्रृंगारित की जाएगी। निशान यात्रा के मार्ग में तोरण द्वार लगाए जाएंगे, जहां पुष्प वर्षा का विशेष आयोजन होगा। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

यही नहीं, 13 दिसंबर की रात्रि 8 बजे रामपुरा बाजार में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें ख्यातनाम कलाकार त्रिशा सुथार सहित अन्य कलाकारों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी, जो भक्तों के लिए आध्यात्मिक अनुभव का अवसर प्रस्तुत करेगी।

अन्नू अग्रवाल ने बताया कि 14 दिसंबर को प्रातः 10 बजे से जरूरतमंद कन्याओं के लिए सर्वजातीय निशुल्क कन्या विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर संतों के सान्निध्य में कन्याओं के हाथ पीले किए जाएंगे और 10:30 बजे वर-वधु की निकासी रामपुरा मुख्य बाजार से आरंभ होकर आर्य समाज रोड और धान मंडी होते हुए विवाह स्थल पर संपन्न होगी। विवाह स्थल पर 11 बजे तोरण की परंपरा निभाई जाएगी और 12 बजे फेरे लिए जाएंगे। इस अवसर पर सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम मुख्य अतिथि होंगी। हाड़ौती क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से जोड़े इस समारोह में भाग लेने आएंगे।

अजय शर्मा ने बताया कि कन्यादान में वर-वधु को विभिन्न उपहार प्रदान किए जाएंगे। इनमें सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, चूड़ियां, सोने की नथ, पायजेब, बिछिया, अंगूठी, पलंग, कुर्सी, टेबल, बिस्तर, फ्रिज, अलमारी, कूलर, बर्तन, सुहाग के वस्त्र और अन्य 151 सामग्री शामिल होंगी। पोस्टर विमोचन समारोह में आशीष शर्मा, लोकेश शाक्यवाल, धर्मेंद्र सिंह, दिवाकर, निहाल और दीप अग्रवाल उपस्थित रहे।

इस महोत्सव और कन्यादान कार्यक्रम के आयोजन से न केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्ग को भी आर्थिक और सामाजिक सहायता का अवसर मिलेगा। यह आयोजन क्षेत्र की सामाजिक-सांस्कृतिक धरोहर में एक महत्वपूर्ण योगदान के रूप में याद रखा जाएगा।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story